पाकुड़। झारखंड के पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के झानागड़ीया गांव में गुरुवार तड़के डबल मर्डर की सनसनीखेज घटना सामने आई। आरोप है कि घर जमाई के रूप में रह रहे एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और सास की तलवार से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।

रात में हुआ विवाद, तलवार से हमला करने का आरोप

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, बिचामहल निवासी एबरास अंसारी अपनी ससुराल झानागड़ीया गांव में घर जमाई के तौर पर रह रहा था। बुधवार देर रात घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ।

आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद एबरास अंसारी ने तलवार से अपनी 20 वर्षीय पत्नी गुलचेहरा बीवी पर हमला कर दिया। पत्नी को बचाने के लिए बीच में आई उसकी 45 वर्षीय सास मैनेजा बेवा भी हमले की चपेट में आ गई।

तलवार के हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।

सुबह घर में मिले दोनों महिलाओं के शव

सुबह घटना की जानकारी ग्रामीणों को मिली तो पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। घर के अंदर दोनों महिलाओं के शव मिले। सूचना मिलने पर लिट्टीपाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ सदर अस्पताल भेज दिया।

पुलिस ने मृतका की बहन नूरनेहा बीवी के फर्द बयान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया है।

तीन बच्चों ने मां और नानी को खोया

इस घटना के बाद आरोपी और मृतका के तीन बच्चे भी मां और नानी के साए से वंचित हो गए हैं। मृतका के दो बेटियां और एक छोटा बेटा है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

आरोपी की तलाश में पुलिस की छापेमारी

लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी विवेक कुमार के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। तकनीकी सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे की वजह की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर घरेलू विवाद की बात सामने आ रही है, लेकिन पुलिस अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।