रांची। झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं को लेकर चल रहे छात्रों के आंदोलन का असर अब विधानसभा के मानसून सत्र में भी देखने को मिला। मानसून सत्र के पहले दिन गुरुवार को भाजपा विधायक मास्क पहनकर सदन में पहुंचे और JPSC-JSSC परीक्षाओं की कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
भाजपा विधायकों के मास्क पर लिखा था— “न्याय चाहिए, धोखा नहीं। JPSC, JSSC-CGL सभी परीक्षाओं की CBI जांच कराओ।” विधायक सदन में खड़े होकर JPSC मामले को लेकर आवाज उठाते नजर आए।
CM हेमंत सोरेन ने किया विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत
मानसून सत्र की शुरुआत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो के स्वागत के साथ हुई। मुख्यमंत्री ने अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया और सत्र के सफल, गरिमामय एवं सार्थक संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इसी दौरान भाजपा विधायकों ने JPSC-JSSC परीक्षा के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। विधायकों ने कथित परीक्षा अनियमितताओं की CBI जांच कराने की मांग उठाई।
सरकार ने सदन में पेश की ATR
सदन की कार्यवाही के दौरान संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने बजट सत्र के दौरान सरकार की ओर से दिए गए आश्वासनों पर एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) पेश की।
इसके बाद शोक प्रस्ताव पेश किया गया। शोक प्रस्ताव के बाद विधानसभा की कार्यवाही को शुक्रवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
JPSC-JSSC आंदोलन का विधानसभा में भी असर
राजधानी रांची में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं। छात्र परीक्षाओं में पारदर्शिता, कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
अब विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन भाजपा विधायकों द्वारा इस मुद्दे को उठाए जाने से JPSC-JSSC विवाद राजनीतिक रूप से भी और गरमाता नजर आ रहा है।