Jharkhand: कांग्रेस कोटे के चारों मंत्री गये दिल्ली, अब इनकी सुनेगा आलाकमान!

Jharkhand: All four Congress ministers went to Delhi, now the high command will listen to them!

झारखंड में चम्पाई सोरेन सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार होने के बाद नाराज 12 कांग्रेसी विधायकों के दिल्ली में आलाकमान से शिकायत करने के बाद अब कांग्रेस कोटे के चारों मंत्री राजधानी गये हैं। कांग्रेस कोटे के चारों मंत्रियों डॉ रामेश्वर उरांव, बन्ना गुप्ता, आलमगीर आलम और बादल पत्रलेख अपनी-फरियाद लेकर दिल्ली गये हैं। चारों कांग्रेसी मंत्रियों के दिल्ली जाने को लेकर कई कारण बताये जा रहे हैं। एक सम्भावना यह है कि नाराज विधायकों की शिकायतों के बाद आलाकमान इनसे जवाब तलब करेगा। यानी इनसे अब तक के कार्यों की रिपोर्ट कार्ड ली जा सकती है। एक सम्भावना यह है कि झारखंड कांग्रेस में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद जो स्थिति बनी थी, उस पर भी ये मंत्री अपनी बातों को आलाकमान के पार रखने गये हैं।

एक सम्भावना यह भी जतायी जा रही है कि आगामी लोकसभा चुनाव पर ये मंत्री झारखंड की राजनीतिक स्थिति और सीटों के बंटवारे को लेकर कोई विमर्श करने गये हैं। हालांकि इसके लिए झारखंड के कांग्रेस अध्यक्ष और प्रभारी अधिकृत हैं, इसलिए इस सम्भावना को उतना बल नहीं मिलता है। एक बात यह भी है कि बहुत के कांग्रेसी विधायक प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर की कार्यशैली से खुश नहीं हैं।

ज्यादा सम्भावना इसी बात की है कि मामला झारखंड के नाराज कांग्रेस के विधायकों से जुड़ा हुआ है। बता दें कि चम्पाई सोरेन सरकार के मंत्रिमंडल के विस्तार में पुरानें मंत्रियों को ही रिपीट किये जाने से कांग्रेस के 12 विधायक नाराज हो गये थे और आलाकमान से शिकायत करने के लिए दिल्ली पहुंच गये थे। जहां से उन्हें समझा-बुझाकर वापस भेज दिया गया था। 12 विधायकों में से कांग्रेस के नाराज विधायक अनूप सिंह, इरफान अंसारी, उमाशंकर अकेला, सोना राम सिंकू, अम्बा प्रसाद, दीपिका पांडेय, रामचन्द्र सिंह, राजेश कच्छप दिल्ली गये थे।

न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार

यह भी पढ़ें: अबकी बार ‘मोदी का परिवार’! भाजपा नेताओं ने बदला X का बायो

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *