रांची: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, छात्रवृत्ति वितरण में देरी और राज्य की शिक्षा व्यवस्था की बदहाल स्थिति के विरोध में युवा आजसू एवं अखिल झारखंड छात्र संघ (छात्र आजसू) ने 30 जुलाई को रांची में लोकभवन तक एक दिवसीय विशाल मार्च निकालने का ऐलान किया है। संगठन का कहना है कि यह आंदोलन राज्य के लाखों छात्र-युवाओं के भविष्य, शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित किया जा रहा है।

युवा आजसू के अनुसार राज्य गठन के 25 वर्ष बाद भी झारखंड के युवा रोजगार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के लिए संघर्ष कर रहे हैं। संगठन का आरोप है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं, प्रश्नपत्र लीक, परीक्षाओं के रद्द होने, परिणामों में देरी और नियुक्ति प्रक्रिया की धीमी गति ने अभ्यर्थियों के भविष्य पर गंभीर असर डाला है।

संगठन ने कहा कि JSSC और JPSC जैसी महत्वपूर्ण भर्ती संस्थाओं से समयबद्ध और पारदर्शी नियुक्ति की अपेक्षा की जाती है, लेकिन परीक्षा कैलेंडर का पालन नहीं होने, रिक्त पदों पर वर्षों तक नियुक्ति लंबित रहने और चयन प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों से युवाओं का भरोसा कमजोर हुआ है। इससे हजारों अभ्यर्थियों का बहुमूल्य समय और करियर प्रभावित हो रहा है।

युवा आजसू और छात्र आजसू ने छात्रवृत्ति वितरण में हो रही देरी पर भी चिंता जताई। संगठन का कहना है कि समय पर छात्रवृत्ति नहीं मिलने से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के कई विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और कई छात्रों को उच्च शिक्षा बीच में छोड़ने तक की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।

संगठन ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि विद्यालयों और महाविद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी, आधारभूत सुविधाओं का अभाव, शैक्षणिक सत्र में देरी, विश्वविद्यालयों में परीक्षा और परिणाम में विलंब तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए संसाधनों की कमी गंभीर चिंता का विषय है। यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आने वाली पीढ़ियों का भविष्य प्रभावित होगा।

युवा आजसू और छात्र आजसू ने स्पष्ट किया कि युवाओं और विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। संगठन ने सरकार से भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, लंबित नियुक्तियों को शीघ्र पूरा करने, नियमित परीक्षा कैलेंडर जारी करने, छात्रवृत्ति का समय पर भुगतान करने और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार लागू करने की मांग की है।

संगठन के अनुसार 30 जुलाई को हजारों छात्र-युवा रांची में लोकभवन तक मार्च कर राज्य सरकार के समक्ष अपनी मांगें रखेंगे। उनका कहना है कि यह केवल एक संगठन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि झारखंड के प्रत्येक छात्र, प्रतियोगी अभ्यर्थी और युवा के अधिकारों एवं भविष्य की आवाज है।

युवा आजसू और छात्र आजसू ने राज्य के सभी छात्र-युवाओं, अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से इस लोकतांत्रिक आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

मुख्य मांगें

  • JSSC एवं JPSC की सभी भर्ती प्रक्रियाओं में पूर्ण पारदर्शिता और समयबद्ध नियुक्ति सुनिश्चित की जाए।
  • भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और धांधली की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो।
  • सभी लंबित नियुक्तियों को शीघ्र पूरा किया जाए और नियमित परीक्षा कैलेंडर जारी किया जाए।
  • विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
  • विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पद तत्काल भरे जाएं।
  • राज्य की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार के लिए प्रभावी नीति लागू की जाए।
  • युवाओं के रोजगार और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर सरकार जवाबदेही तय करे।