Jharkhand: भ्रष्टाचारियों पर डंडा चलता रहेगा, गुमला के सिसई में गरजे मोदी

Jharkhand: The stick will continue to be used against the corrupt, Modi roared in Sisai of Gumla.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोहरदगा संसदीय क्षेत्र गुमला जिले के सिसई में देश में चल रहे भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों पर जम कर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी के राज में भ्रष्टाचारियों पर जो डंडा चल रहा है, वह आगे भी चलता रहेगा। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि इन्हें लगता है कि देश का खजाना तो इन्ही लोगों के लिए है। ये चाहते हैं कि इसका उपयोग बस यही करें। कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाते हुए पीएम ने कहा कि कांग्रेस के पापों की अगर लिस्ट बनाने लग जायें तो कई दिन निकल जायेंगे।

पीएम मोदी ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि मोदी कहता है भ्रष्टाचार हटायेंगे, ये कहते मोदी कहता है भ्रष्टाचारी को बचाओ। ये भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए रैलियां निकालते हैं। क्या इन्होंने कभी जनता की भलाई करने के लिए रैली निकाली है?

प्रधानमंत्री ने नाम लिये बगैर पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि झारखंड में आपकी सम्पत्ति लूटने वाला आज जेल में है। उसने जो सम्पत्ति लूटी वह आपकी सम्पत्ति है। क्या ऐसे व्यक्ति को जेल में जाना चाहिए कि नहीं? पीएम ने कहा कि यहां भ्रष्टाचार का इतना पैसा मिला कि उसको गिनने के लिए मंगायी गयी मशीनें हांफने लगीं। झारखंड में ये जो भी पैसा मिला वह गरीबों का था। पीएम ने कहा कि यहां ऐसी कोई परीक्षा नहीं जिसमें पेपर लीक न हुआ हो। पीएम मोदी ने कहा कि उनके होते बच्चों का भविष्य बर्बाद करने होने देंगे, बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों की जिन्दगी जेल में काटनी पड़ेगी।

पीएम मोदी ने मुफ्त के अनाज दिये जाने पर भी विपक्ष को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि मोदी अपने गरीब भाई-बहनों को मुफ्त का अनाज देता है तो इन्हें तकलीफ होती है। उन्हें लगता है कि यह दलितों-गरीबों को मुफ्त में क्यों अनाज बांट रहा है। पीएम ने मनमोहन सरकार का भी जिक्र किया कि उन्होंने एक बार तत्कालीन पीएम मनमोहन सिंह से कहा कि सरकारी गोदामों में अनाज सड़ रहे हैं, इन्हें गरीबों में बांट देना चाहिए। उन्होंने मुफ्त में बांटने से साफ इनकार कर दिया। आज मोदी की सरकार में मुफ्त अनाज की योजना चल रही है। और अलगे पांच साल और मुफ्त अनाज योजना बढ़ाऊंगा। गरीबों को मुफ्त राशन मिलने से कोई नहीं रोक सकता यह मोदी की गारंटी है।

पीएम मोदी ने पहले पलामू और बाद में सिसई में भी कहा कि पूर्व की सरकार गुमला, लोहरदगा, पलामू जैसे जिलों की पिछड़ा कह कर उपेक्षा करती थी। यही कारण है कि आज ये जिले पिछड़े रह गये। पीएम ने कहा कि यह धरती रत्नगर्मा है। तो यहां से जो भी मिनरल निकलता है, उसका लाभ स्थानीय लोगों को मिले। इसके लिए उन्होंने डिस्ट्रिक्ट मिनरल फंड बनाया। लेकिन यह उद्देश्य तब न पूरा होगा जब नीयत साफ हो। नीयत में जब खोट हो, भ्रष्टाचार करना ही सबकुछ हो तक उसका लाभ स्थानीय लोगों को कैसे मिल सकेगा।

पीएम मोदी ने कांग्रेस के तुष्टीकरण को लेकर भी उसे घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो चश्मा पहनती है उससे सिर्फ एक ही वोट दिखता है। वह है मुस्लिम वोट। कांग्रेस ने एक नया झूठ फैला रखा है कि मोदी फिर आयेगा तो संविधान बदल देगा। पीएम ने कहा कि मोदी तो 10 साल से आया हुआ है। मोदी ने कौन-सा संविधान बदल दिया। मगर अब आपको कांग्रेस से सावधान रहने की जरूरत है। कांग्रेस आयेगी तो ये संविधान बदल कर दलितो, आदिवासियों, ओबीसी का आरक्षण छीन कर मुसलमानों को जरूर दे देगी। इसकी मंशा भी ये जता चुके हैं।

न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार

यह भी पढ़ें: Jharkhand: पलामू में पीएम मोदी ने गिनायी जनता के वोट की ताकत, वीडी राम के लिए मांगा वोट

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *