Jharkhand: पलामू में पीएम मोदी ने गिनायी जनता के वोट की ताकत, वीडी राम के लिए मांगा वोट

Jharkhand: PM Modi counted the power of public vote in Palamu

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को पलामू के चियांकी एयरपोर्ट पर बनाये गये सभास्थल से भारी संख्या में आये जनसमूह को सम्बोधित करते हुए भाजपा के उम्मीदवार वीडी राम के लिए समर्थन मांगा। इसके बाद पीएम मोदी लोहरदगा संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी समीर उरांव के लिए जनसभा करने के लिए सिसई चले गये। बता दें कि इससे पहले शुक्रवार को चाईबासा में भाजपा के खूंटी प्रत्याशी अर्जुन मुंडा और सिंहभूम की भाजपा प्रत्याशी गीता कोड़ा के समर्थन में जनसभा की और फिर रांची आज शाम को रोड शो भी किया। पीएम मोदी राजभवन में रात्रि विश्राम के बाद पलामू जनसभा के लिए पहुंचे थे।

प्रधानमंत्री ने सबसे पहले पलामू की जनता का इतनी सुबह रैली में आने के लिए साधुवाद किया। झारखंड के वीर शहीदों को नमन करने के बाद पीएम ने अपना सम्बोधन आरम्भ किया। पीएम मोदी ने आज के अपने सम्बोधन में वोटों के महत्व को बखूबी समझाया। उन्होंने कहा कि आप आज अपने वोट के महत्व को बहुत अच्छी तरह समझते हैं। आपने वोट देकर 2014 में एनडीए की सरकार बनवायी तो आज भारत के लोकतंत्र की ताकत को दुनिया सलाम करने लग गयी। 2014 में आपने कांग्रेस की महाभ्रष्ट सरकार को हटाया, यह आपके वोट का कमाल था। आपने वोट देकर एनडीए की सरकार बनायी तो आज भारत का डंका दुनिया में बज रहा है। यह आपके वोट का ही कमाल था कि जो काम 500 साल से नहीं हो सका, वह राम मंदिर के रूप में आज आपके सामने है। राम मंदिर के कारण जितना संघर्ष हुआ ऐसा संघर्ष इससे पहले कभी नहीं हुआ। राम मंदिर के लिए हमारी कितनी पीढ़ियां संघर्ष करती रहीं। कितने लोग शहीद होते रहे। मगर आपके वोट की ताकत का कमाल है कि आज राम मंदिर बन गया है।

देश आजाद हुआ। फिर भी जम्मू कश्मीर में खतरे की घंटी हमेशा बजती रहती थी। जम्मू कश्मीर का क्या होगा इसकी चिंता रहती थी। मगर आपके वोट की ताकत देखिये 370 की दीवार जमींदोज हो गयी। झारखंड में, छत्तीसगढ़ में, बिहार में, आंध्र में, पशुपति से लेकर तिरुपति तक नक्सलवाद, आतंकवाद फैला हुआ था। यहां की धरती लहुलुहान होती रहती थी। मगर आपके वोट ने यह स्थिति बदल दी है।

पीएम मोदी ने कहा, याद कीजिये कांग्रेस के समय क्या होता था । भारत से पाकिस्तान लेटर जाते थे, पाकिस्तान उधर से आतंकी भेजता था, देश में खून की होली खेली जाती थी, मगर आपके वोट ने मेरे अंदर बहुत ताकत भर दी। अब यह खेल नहीं चलता है। सर्जिकल स्ट्राकल के तमाचे ने पाकिस्तान को हिलाकर रख दिया है। यह नया भारत है। नया भारत घुसकर मारता है, आज का भारत डोजियर नहीं देता, सर्जिकल स्ट्राइक करता है। मजबूत भारत के लिए मजबूत सरकार जरूरी है,  मोदी की सरकार जरूरी है। मोदी मौज के लिए, मिशन के लिए पैदा हुआ है। 25 साल में मोदी पर घोटाले का कोई आरोप नहीं। ये कांग्रेस विरासत के बहाने आपकी सम्पत्ति पर घात लगाना चाहती है। मगर मोदी की विरासत आप हैं। अपनी विरासत को मैं विकसित भारत दूंगा।

उन्होंने गरीबों के लिए तो कुछ नहीं किया, लेकिन उनका अधिकार छीन लेना चाहते हैं। दलितों, आदिवासियों और ओबीसी के आरक्षण का हक संविधान बदल कर मुसलमानों को देना चाहते हैं। लेकिन मोदी जब तक जिंदा है, दलितों, आदिवासियों और ओबीसी के अधिकार को किसी को छीनने नहीं देगा।

न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार

यह भी पढ़ें: JBKSS नेता और रांची के लोकसभा उम्मीदवार Devendra Mahto को पुलिस ने नामांकन से पहले किया गिरफ्तार

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *