पटना। राजधानी के गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर में रविवार रात एक शादी समारोह उस वक्त खून-खराबे में बदल गया, जब रिसेप्शन पार्टी के दौरान दो सगे भाइयों को गोलियों से भून दिया गया। मृतकों की पहचान मनीष कुमार और मनजीत कुमार के रूप में हुई है। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
शादी की खुशियां मातम में बदली
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी दौलत राय के पुत्र विक्की की शादी का रिसेप्शन आयोजित था। खेत में पंडाल लगाकर भोज का कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे। राजू राय के बेटे मनीष और मनजीत भी भोज में शामिल होकर खाना खा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खाना खाने के बाद जैसे ही दोनों भाई हाथ धोने के लिए उठे, तभी 10-12 की संख्या में हमलावर वहां पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। अचानक गोलियों की आवाज से पूरे समारोह स्थल पर भगदड़ मच गई।
26-27 राउंड फायरिंग, मौके पर तोड़ा दम
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 26 से 27 राउंड गोलियां चलाईं। दोनों भाइयों के सीने और ऊपरी हिस्से में कई गोलियां लगीं, जिससे वे वहीं गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जमीन विवाद में खूनी रंजिश
प्राथमिक जांच में जमीन विवाद को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। बताया जाता है कि राजू राय और उनके गोतिया कृष्णा राय के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मामला कोर्ट में विचाराधीन था और करीब एक माह पहले कृष्णा राय केस हार गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि इसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना, डीएसपी सदर टू, एसपी सिटी पूर्वी समेत परसा बाजार और रामकृष्ण नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। हालात की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस तैनात की गई है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। शादी की खुशियों के बीच हुई इस दोहरी हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया है।