• India
Pakur news, pakur update  | झारखंड
झारखंड

पाकुड़: बंद घर में लाखों की चोरी, बाथरूम की खिड़की तोड़कर घर में घुसे चोर, पुलिस जांच में जुटी

पाकुड़: बंद घर में लाखों की चोरी, बाथरूम की खिड़की तोड़कर घर में घुसे चोर, पुलिस जांच में जुटी

पाकुड़: नगर थाना क्षेत्र के बैंक कॉलोनी में बंद पड़े एक घर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने बाथरूम की खिड़की के रास्ते घर में घुसकर फ्रिज, एसी कंप्रेसर, बिजली का सामान, एल्युमीनियम शीट, बाथरूम के नल सहित कई घरेलू सामान उड़ा लिए। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, जिस घर में चोरी हुई है उसके मालिक जयंतो शुक्ल वर्तमान में कोलकाता में सिविल सर्जन के पद पर कार्यरत हैं। वे पिछले तीन महीनों से अपने परिवार के साथ वहीं रह रहे थे। इसी दौरान घर बंद रहने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

 

चोरी की जानकारी तब मिली जब पड़ोसियों ने घर में तोड़फोड़ के निशान देखे और मामले की सूचना गृहस्वामी के साले मनोजित पांडे को दी। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और घर की स्थिति देखकर दंग रह गए। मनोजित पांडे ने बताया कि चोरों ने न सिर्फ घर का सामान चुराया बल्कि घर की वायरिंग और बाथरूम के वाटर पाइप तक उखाड़ दिए, जिससे घर को भारी नुकसान पहुंचा है। उनके अनुसार शुरुआती अनुमान में लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि जयंतो शुक्ल के कोलकाता से लौटने के बाद ही चोरी हुए सामान और कुल नुकसान का सही आकलन हो सकेगा।

 

पुलिस सक्रिय, जांच शुरू

घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की तहकीकात शुरू कर दी। थाना प्रभारी बबलू कुमार ने बताया कि चोरी की शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

 

इस घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

You can share this post!

Comments

Leave Comments