रांची: सर्दियों में ब्रेन स्ट्रोक का खतरा, इसके शुरुआती लक्षणों की पहचान और समय पर इलाज के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से रांची के इरबा स्थित Curesta ACMS Super Speciality Hospital में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ब्रेन स्ट्रोक के कारणों, लक्षणों, प्राथमिक कदमों और आधुनिक उपचार पद्धतियों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान अस्पताल की ओर से ब्रेन स्ट्रोक के मरीजों और उनके परिजनों की सहायता के लिए झारखंड में पहली बार अस्पताल स्तर पर समर्पित 24×7 हेल्पलाइन नंबर 8893802259 जारी करने की घोषणा की गई।
समय पर अस्पताल पहुंचना सबसे जरूरी: डॉ. संजय कुमार
Curesta Health के डायरेक्टर ऑफ न्यूरोसाइंसेज डॉ. संजय कुमार ने ब्रेन स्ट्रोक के लक्षणों को समय रहते पहचानने और तत्काल चिकित्सा सहायता लेने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि ठंड के मौसम में ब्रेन स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।
उन्होंने थ्रोम्बोलाइसिस (Thrombolysis) की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी। यह एक ऐसी उपचार पद्धति है, जिसमें उपयुक्त मरीजों में रक्त के थक्के को घोलने के लिए दवाओं का इस्तेमाल किया जाता है। डॉ. संजय कुमार ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति में ब्रेन स्ट्रोक के लक्षण दिखाई दें, तो घरेलू नुस्खों में समय बर्बाद करने के बजाय उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाना चाहिए। ब्रेन स्ट्रोक के इलाज में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है।
शुरुआती समय में सही कदम जीवन बचा सकते हैं
कार्यक्रम में क्रिटिकल केयर की सीनियर कंसल्टेंट डॉ. मंजुला सिन्हा ने कहा कि ब्रेन स्ट्रोक के मामले में शुरुआती समय सबसे महत्वपूर्ण होता है। ऐसे मरीजों को तत्काल चिकित्सा सहायता देने के साथ उनकी स्थिति को स्थिर करना जरूरी है।
वहीं, कंसल्टेंट क्रिटिकल केयर डॉ. सना अंजुम हक ने कहा कि कई बार ब्रेन स्ट्रोक के मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में देरी हो जाती है, जिससे इलाज की प्रक्रिया चुनौतीपूर्ण हो सकती है। उन्होंने लोगों के बीच ब्रेन स्ट्रोक के लक्षणों और समय पर उपचार को लेकर जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
मंजूर अहमद अंसारी ने की अस्पताल की सराहना
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंजूर अहमद अंसारी ने Curesta ACMS Super Speciality Hospital की क्रिटिकल केयर टीम और अनुभवी चिकित्सकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम के माध्यम से मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने समय पर इलाज और मरीजों की देखभाल को महत्वपूर्ण बताया।
ब्रेन स्ट्रोक के मरीजों के लिए 24×7 हेल्पलाइन
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ब्रेन स्ट्रोक के लिए समर्पित 24×7 हेल्पलाइन नंबर 8893802259 जारी करना रहा। अस्पताल के अनुसार, इस नंबर पर किसी भी समय संपर्क कर ब्रेन स्ट्रोक से संबंधित सहायता प्राप्त की जा सकती है। इसके लिए एक समर्पित टीम मरीजों और उनके परिजनों की मदद करेगी।
इस पहल का उद्देश्य ब्रेन स्ट्रोक के लक्षण सामने आने पर लोगों को सही जानकारी और समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में मदद करना है। कार्यक्रम के जरिए विशेषज्ञों ने संदेश दिया कि ब्रेन स्ट्रोक के मामलों में जागरूकता, त्वरित प्रतिक्रिया और समय पर अस्पताल पहुंचना मरीज के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।