रांची। झारखंड स्टेट बार काउंसिल के बहुप्रतीक्षित पदाधिकारियों के चुनाव के परिणाम बुधवार, 4 नवंबर को घोषित कर दिए गए। वरिष्ठ अधिवक्ता अभय कुमार चतुर्वेदी (एके चतुर्वेदी) को काउंसिल का नया अध्यक्ष चुना गया है। वहीं, रिंकू भकत उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। इसके अलावा प्रशांत कुमार सिंह ने बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) के प्रतिनिधि सदस्य के पद पर जीत हासिल की।

रांची के डोरंडा स्थित झारखंड स्टेट बार काउंसिल कार्यालय में चुनाव की पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई। मुख्य चुनाव पदाधिकारी जस्टिस अंबुज नाथ की देखरेख में मतदान और मतगणना कराई गई। चुनाव में कुल 26 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें बार काउंसिल के 25 निर्वाचित सदस्य और राज्य के महाधिवक्ता शामिल थे।

अध्यक्ष पद पर अभय कुमार चतुर्वेदी निर्वाचित

अध्यक्ष पद के लिए मुकाबले के बाद अभय कुमार चतुर्वेदी को विजयी घोषित किया गया। उनके निर्वाचन के साथ ही झारखंड स्टेट बार काउंसिल को नया नेतृत्व मिल गया है। राज्यभर के अधिवक्ताओं की नजर इस चुनाव पर टिकी हुई थी।

रिंकू भकत बने उपाध्यक्ष

उपाध्यक्ष पद पर रिंकू भकत ने जीत हासिल की। वहीं, बार काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि सदस्य के पद पर त्रिकोणीय मुकाबला हुआ, जिसमें प्रशांत कुमार सिंह निर्वाचित घोषित किए गए।

मतगणना के बाद घोषित हुए परिणाम

बुधवार को मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू की गई। मुख्य चुनाव पदाधिकारी की निगरानी में मतों की गिनती पूरी होने के बाद तीनों पदों के परिणाम घोषित किए गए। इसके साथ ही बार काउंसिल के नए पदाधिकारियों को लेकर तस्वीर साफ हो गई।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को राज्यभर के अधिवक्ताओं की ओर से शुभकामनाएं दी जा रही हैं। नए नेतृत्व के सामने राज्य के अधिवक्ताओं से जुड़े मुद्दों, उनके हितों और बार काउंसिल के कामकाज को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।