रांची: झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री और गिरिडीह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर राज्य सरकार ने 6 और 7 सितंबर को दो दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है। इस संबंध में मंत्रिमंडल एवं समन्वय विभाग की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है।
राजकीय शोक के दौरान राज्य में जिन सरकारी भवनों पर नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, वहां राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। वहीं, 6 और 7 सितंबर को राज्य में किसी भी तरह के राजकीय समारोह आयोजित नहीं किए जाएंगे।
7 सितंबर को सरकारी कार्यालय और स्कूल रहेंगे बंद
राजकीय शोक के मद्देनजर 7 सितंबर को राज्य सरकार के सभी कार्यालय, स्कूल समेत कई सरकारी संस्थान बंद रहेंगे। सरकार ने इस अवधि में किसी भी राजकीय समारोह के आयोजन पर भी रोक लगाई है।
सुदिव्य कुमार सोनू का रविवार सुबह 56 वर्ष की उम्र में आकस्मिक निधन हो गया। बताया जा रहा है कि हार्ट अटैक के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सोनू झारखंड सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके पास पर्यटन, कला एवं संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के अलावा नगर विकास और उच्च तकनीकी शिक्षा विभाग की भी जिम्मेदारी थी।
JMM कैंप ऑफिस में झुका पार्टी का झंडा
सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने भी शोक व्यक्त करते हुए अपने कैंप ऑफिस में पार्टी का झंडा झुका दिया है। पार्टी की ओर से प्रस्तावित सभी कार्यक्रमों को भी स्थगित कर दिया गया है।
वहीं, सुदिव्य कुमार सोनू का पार्थिव शरीर विधानसभा नहीं लाया जाएगा। उनके गृह क्षेत्र गिरिडीह में ही रविवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।
कांग्रेस ने लोकभवन मार्च और SIR बैठक स्थगित की
सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी अपने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि शोक की वर्तमान स्थिति को देखते हुए 7 सितंबर को प्रस्तावित लोकभवन मार्च-प्रदर्शन और 8 सितंबर को SIR के मुद्दे पर आयोजित बैठक को स्थगित कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि इस दुःख की घड़ी में कांग्रेस पार्टी शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
पश्चिमी सिंहभूम में भी कई कार्यक्रम स्थगित
सुदिव्य कुमार सोनू के निधन का असर पश्चिमी सिंहभूम जिले में प्रस्तावित कार्यक्रमों पर भी पड़ा है। उनके असामयिक निधन के बाद जिले में शोक की लहर है।
पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक एसोसिएशन ने 7 सितंबर को प्रस्तावित खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक सम्मान समारोह को स्थगित कर दिया है। इसके अलावा 7 सितंबर को जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम भी स्थगित कर दिया गया है।
आयोजकों के अनुसार, स्थगित किए गए इन कार्यक्रमों की नई तिथियों की घोषणा बाद में की जाएगी।
सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से झारखंड की राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। राजनीतिक दलों और विभिन्न संगठनों की ओर से लगातार उनके निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।