धनबाद: धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रभात कुमार को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। फेम इंडिया–एशिया पोस्ट ने वर्ष 2026 के लिए देश के 25 प्रमुख पुलिस अधिकारियों की प्रतिष्ठित सूची जारी की है, जिसमें धनबाद SSP प्रभात कुमार को भी स्थान मिला है। खास बात यह है कि इस सूची में झारखंड से प्रभात कुमार एकमात्र IPS अधिकारी हैं।
यह उपलब्धि धनबाद पुलिस के साथ-साथ पूरे झारखंड पुलिस महकमे के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस पहचान को प्रभात कुमार की नेतृत्व क्षमता, प्रभावी पुलिसिंग और धनबाद जैसे संवेदनशील जिले में कानून-व्यवस्था संभालने के प्रयासों की मान्यता के तौर पर देखा जा रहा है।
100 अधिकारियों में से चुने गए टॉप-25
फेम इंडिया–एशिया पोस्ट के राष्ट्रीय सर्वेक्षण में पुलिस अधिकारियों का मूल्यांकन कई महत्वपूर्ण मानकों पर किया गया। इनमें कानून-व्यवस्था प्रबंधन, अपराध नियंत्रण, नेतृत्व क्षमता, जनहितैषी पुलिसिंग, निर्णय लेने की क्षमता, नवाचार, संकट प्रबंधन, पुलिस आधुनिकीकरण और आम जनता के बीच विश्वास कायम करना प्रमुख रहे।
चयन प्रक्रिया के पहले चरण में देशभर से 100 सर्वश्रेष्ठ पुलिस कप्तानों (SP/SSP/DCP स्तर) की सूची तैयार की गई थी। इस सूची में झारखंड के पांच IPS अधिकारियों को जगह मिली थी।
झारखंड से पहले चरण में शामिल अधिकारी थे—
अनुदीप सिंह — पाकुड़
हृदीप पी. जनार्दन — विशेष शाखा
डॉ. बिमल कुमार — गिरिडीह
श्रीकांत सुरेशराव कोत्रे — सिमडेगा
प्रभात कुमार — धनबाद
इसके बाद इन्हीं 100 अधिकारियों में से 25 अधिकारियों का चयन ‘प्रमुख पुलिस अधिकारी’ के रूप में किया गया। अंतिम सूची में झारखंड से केवल प्रभात कुमार का नाम शामिल हुआ।
धनबाद में साइबर अपराध से लेकर ट्रैफिक व्यवस्था पर जोर
धनबाद औद्योगिक गतिविधियों के साथ-साथ कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की दृष्टि से भी एक चुनौतीपूर्ण जिला माना जाता है। SSP प्रभात कुमार के नेतृत्व में धनबाद पुलिस की ओर से साइबर अपराध के खिलाफ अभियान, लंबित मामलों के निष्पादन, अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था में सुधार और तकनीक के बेहतर इस्तेमाल पर विशेष जोर दिया गया है।
इसके साथ ही पुलिस-पब्लिक संबंधों को बेहतर बनाने और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए निगरानी व्यवस्था तथा जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को भी प्राथमिकता दी गई है।
प्रभात कुमार इससे पहले जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक और पाकुड़ के पुलिस अधीक्षक के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।
देश के 25 प्रमुख पुलिस अधिकारियों की पूरी सूची
फेम इंडिया–एशिया पोस्ट की ओर से जारी सूची में अधिकारियों के नाम वर्णक्रमानुसार दिए गए हैं। सूची इस प्रकार है:
क्रमांक पुलिस अधिकारी राज्य जिला/कार्यक्षेत्र
1 अदिति सिंह हरियाणा पंचकूला
2 आकाश पटेल उत्तर प्रदेश चंदौली
3 अनंत मित्तल दिल्ली दक्षिण दिल्ली
4 अनुराग आर्य उत्तर प्रदेश बरेली
5 अपर्णा रजत कौशिक उत्तर प्रदेश मिर्जापुर
6 इलामारन जी उत्तर प्रदेश एटा
7 कृषिकेश रावले महाराष्ट्र पुणे
8 कंवरदीप कौर पंजाब चंडीगढ़
9 गुंडाला रेड्डी राघवेंद्र ओडिशा झारसुगुड़ा
10 गौरव राय छत्तीसगढ़ दंतेवाड़ा, वर्तमान में बलोदाबाजार
11 चंद्रशेखर घोड़के उत्तराखंड अल्मोड़ा
12 डॉ. अमृता दुहन राजस्थान उदयपुर
13 जी.वी. संदीप कुमार जम्मू-कश्मीर श्रीनगर
14 नुमल महट्टा असम बोगईगांव
15 नवजोत सिमी बिहार अरवल
16 पापिया सुल्ताना पश्चिम बंगाल पश्चिम मेदिनीपुर
17 प्रभात कुमार झारखंड धनबाद
18 बलबीर सिंह हिमाचल प्रदेश हमीरपुर
19 मनिंदर सिंह पंजाब रूपनगर (रोपड़)
20 मुथुराजू एम. कर्नाटक चामराजनगर
21 विजय पटेल गुजरात खेड़ा
22 विवेक सायम मेघालय ईस्ट खासी हिल्स
23 शशांक जायसवाल दिल्ली दिल्ली ट्रैफिक, वर्तमान में रोहिणी
24 सुशील कुमार बिहार गया
25 श्रद्धा तिवारी मध्य प्रदेश भोपाल
झारखंड के लिए खास उपलब्धि
देश के अलग-अलग राज्यों से चुने गए 25 प्रमुख पुलिस अधिकारियों की इस सूची में झारखंड की ओर से केवल प्रभात कुमार का नाम शामिल होना राज्य के लिए खास उपलब्धि है। फेम इंडिया–एशिया पोस्ट की इस पहल का उद्देश्य ऐसे पुलिस अधिकारियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देना है, जिन्होंने प्रभावी कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, नवाचार, जनसंवेदनशील पुलिसिंग और जनविश्वास कायम करने की दिशा में उल्लेखनीय काम किया है।
धनबाद SSP प्रभात कुमार का इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल होना न सिर्फ उनके व्यक्तिगत नेतृत्व की उपलब्धि है, बल्कि धनबाद पुलिस की कार्यशैली को भी राष्ट्रीय स्तर पर मिली अहम पहचान के रूप में देखा जा रहा है।