पाकुड़: निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के तहत प्राप्त दावा एवं आपत्तियों के निष्पादन की प्रक्रिया जारी है। मतदाताओं को अपने निर्वाचक विवरण से संबंधित दावा या आपत्ति दर्ज कराने और उसके निष्पादन में सुविधा देने के लिए जिले के विभिन्न निर्धारित स्थलों पर सुनवाई की व्यवस्था की गई है।
इसी क्रम में बुधवार को प्रमंडलीय आयुक्त शैलेन्द्र कुमार लाल लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जामजोड़ी पंचायत भवन पहुंचे। यहां संचालित SIR दावा-आपत्ति सुनवाई प्रक्रिया का उन्होंने निरीक्षण किया और पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली।
अधिकारियों से ली प्रक्रिया की जानकारी
निरीक्षण के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से दावा-आपत्ति प्राप्त करने, आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन, मतदाताओं को दी जा रही सहायता और सुनवाई की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने मौके पर मौजूद मतदाताओं से भी बातचीत की और उनकी समस्याओं तथा SIR प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।
कोई पात्र मतदाता न छूटे : आयुक्त
प्रमंडलीय आयुक्त शैलेन्द्र कुमार लाल ने कहा कि SIR-2026 का उद्देश्य निर्वाचक सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता निर्वाचक सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने नाम और निर्वाचक विवरण की जांच अवश्य करें। यदि नाम छूट गया है, विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है या अन्य कोई आपत्ति है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा अथवा आपत्ति दर्ज कराएं।
11 निर्धारित दस्तावेजों में से किसी एक वैध दस्तावेज की प्रक्रिया की दें जानकारी
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्रता एवं निर्वाचक विवरण के सत्यापन के लिए निर्धारित 11 दस्तावेजों में से किसी एक वैध दस्तावेज को प्रस्तुत करने की प्रक्रिया के संबंध में मतदाताओं को स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि दावा-आपत्ति के निष्पादन में अनावश्यक कठिनाई न हो
उन्होंने कहा कि सुनवाई के दौरान आने वाले प्रत्येक मतदाता को आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्धारित निर्वाचन नियमों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि SIR की प्रक्रिया के दौरान विशेष ध्यान रखा जाए कि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची से छूटने न पाए।
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के अवसर पर आयुक्त के सचिव रवि प्रकाश, उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी, एईआरओ सह प्रखंड विकास पदाधिकारी लिट्टीपाड़ा संजय कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।