भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे-719 पर सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात भीषण सड़क हादसा हो गया। छीमका गांव के पास मजदूरों से भरी तेज रफ्तार पिकअप और सामने से आ रहे डंपर की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 32 लोग घायल हुए हैं।

मवेशियों को बचाने के दौरान हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना रात करीब 1 बजे हुई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हाईवे पर बैठे गायों के झुंड को बचाने के प्रयास में पिकअप अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे डंपर से जा भिड़ी।

पिकअप में सवार सभी मजदूर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मजदूर मध्य प्रदेश में धान की रोपाई का काम करने आए थे। काम पूरा होने के बाद सभी मजदूर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया

हादसे की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला और उन्हें गोहद अस्पताल पहुंचाया।

गंभीर रूप से घायल मजदूरों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है।

मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस

हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के शवों को मोर्चरी में रखा गया है। पुलिस मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया में जुटी है।

फिलहाल पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मवेशियों को बचाने के दौरान दुर्घटना होने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे के अन्य कारणों और दोनों वाहनों की स्थिति की भी जांच कर रही है।