रांची। JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो को शनिवार को तिरंगा यात्रा में शामिल होने से पुलिस ने रोक दिया। देवेंद्र महतो रांची के सदर अस्पताल में इलाजरत हैं और करीब 14 दिनों से अनशन पर हैं। यात्रा में शामिल होने की कोशिश के दौरान अस्पताल में पुलिस और उनके समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।

तिरंगा यात्रा में शामिल होना चाहते थे देवेंद्र महतो

जानकारी के अनुसार, विधानसभा घेराव के दौरान प्रशासन की ओर से 10 अगस्त को देवेंद्र नाथ महतो को रांची सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह लगातार अनशन पर हैं, जिसके कारण उनकी तबीयत कमजोर बताई जा रही है।

शनिवार को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से छात्रों की ओर से तिरंगा यात्रा निकाली जा रही थी। देवेंद्र महतो भी इस यात्रा में शामिल होना चाहते थे। इसी दौरान उन्होंने अस्पताल से बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन एचडीयू के बाहर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया।

करीब एक घंटे तक अस्पताल के एचडीयू के बाहर पुलिस बल की मौजूदगी रही। इस दौरान देवेंद्र महतो के समर्थकों और पुलिसकर्मियों के बीच नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी हुई।

देवेंद्र महतो बोले- 'क्या यही आजादी है?'

पुलिस द्वारा रोके जाने पर देवेंद्र नाथ महतो ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि उन्होंने लिखित रूप से दिया है कि अगर उनकी जान जाती है तो इसके लिए अस्पताल जिम्मेदार नहीं होगा। इसके बावजूद उन्हें तिरंगा फहराने और यात्रा में शामिल होने से रोका जा रहा है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “क्या यही आजादी है?”

14वें दिन भी जारी है अनशन

देवेंद्र नाथ महतो लगातार 14वें दिन अनशन पर हैं। लंबे समय से भोजन नहीं करने के कारण उनकी शारीरिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है। इसी वजह से उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हालांकि, आंदोलन से जुड़े देवेंद्र महतो तिरंगा यात्रा में शामिल होने को लेकर अड़े रहे। उनके समर्थकों का कहना है कि स्वास्थ्य खराब होने के बावजूद उनका यात्रा में शामिल होने का प्रयास छात्रों के आंदोलन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

पुलिस कार्रवाई पर छात्रों में नाराजगी

इधर, छात्रों की तिरंगा यात्रा को लेकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में बड़ी संख्या में छात्र जुटे। देवेंद्र महतो को यात्रा में शामिल होने से रोके जाने की खबर के बाद आंदोलनकारी छात्रों और उनके समर्थकों ने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर नाराजगी जताई।

समर्थकों का आरोप है कि देवेंद्र महतो को जबरन रोकने के दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की की गई। वहीं, पूरे घटनाक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की मौजूदगी बनी रही।

JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और परीक्षा से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। तिरंगा यात्रा के दौरान सामने आए इस घटनाक्रम ने एक बार फिर छात्र आंदोलन और प्रशासन के बीच तनाव को चर्चा में ला दिया है।