रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही CID ने सोमवार तड़के रांची समेत राज्य के पांच जिलों में एक साथ छापेमारी की। जांच एजेंसी ने रांची, पलामू, हजारीबाग, बोकारो और धनबाद में कुल 18 ठिकानों पर तलाशी ली।
इनमें रांची के लालपुर स्थित पतंजलि एकेडमी कोचिंग सेंटर और उसके संचालक संजीत उर्फ गोल्डेन से जुड़े परिसर भी शामिल हैं। जांच के दौरान एजेंसी ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं।
कोचिंग सेंटर में OMR शीट लाने का आरोप
जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, अभय तिवारी की टीम कथित तौर पर परीक्षा की OMR शीट पहले पतंजलि एकेडमी लाती थी। आरोप है कि यहां प्रश्नों के सही उत्तर तैयार किए जाते थे और इसके बाद तैयार उत्तरों के आधार पर OMR शीट भरने की प्रक्रिया होती थी।
हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी CID की ओर से नहीं की गई है। एजेंसी की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
सुबह 2 बजे से 6 बजे तक चली छापेमारी
CID की कार्रवाई सोमवार तड़के करीब 2 बजे शुरू हुई और सुबह 6 बजे तक चली। छापेमारी के दौरान अलग-अलग ठिकानों से लैपटॉप, मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, चेकबुक, OMR शीट की कार्बन कॉपी, एडमिट कार्ड और मार्कशीट समेत कई दस्तावेज बरामद किए गए।
CID ने JPSC परीक्षा संचालन से जुड़ी कंपनी TDPL के पूर्व मार्केटिंग मैनेजर अभय तिवारी के देवघर स्थित आवास पर भी तलाशी ली। वहीं, उसके साले सौरव की भी तलाश की गई, लेकिन वह मौके पर नहीं मिला।
इन जिलों में हुई छापेमारी
रांची: लालपुर स्थित पतंजलि कोचिंग सेंटर, धुर्वा सेक्टर-2 में कोचिंग संचालक रवि कुमार का परिसर और नामकुम में आदित्य पांडेय का आवास।
बोकारो: सेक्टर-3C स्थित सनत प्रकाश के परिसर में तलाशी।
पलामू: डालटनगंज-पांकी रोड स्थित कोचिंग संचालक रविशंकर का परिसर, बीएन कॉलेज परिसर स्थित शिक्षक संतोष कुमार सिंह का परिसर और नौडीहा बाजार स्थित पैतृक आवास समेत अन्य ठिकाने।
धनबाद: सरायढेला थाना क्षेत्र के वीटी इंफ्रा अपार्टमेंट, एक कोचिंग सेंटर, हाउसिंग कॉलोनी समेत अन्य स्थानों पर कार्रवाई।
हजारीबाग: पौता में लालो यादव की तलाश और जेपीएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में गिरफ्तार सुमन सौरभ के गंगादोहर स्थित आवास पर छापेमारी।
JPSC जांच में आगे बढ़ सकती है कार्रवाई
CID की इस कार्रवाई से JPSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच को अहम दिशा मिलने की संभावना है। जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की जांच के बाद परीक्षा प्रक्रिया में किसी तरह की गड़बड़ी, अभ्यर्थियों से जुड़े लेन-देन और अन्य लोगों की भूमिका सामने आने की उम्मीद है।
फिलहाल CID की ओर से छापेमारी में बरामदगी और आगे की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।