रांची: झारखंड की राजधानी रांची से एक बेहद सनसनीखेज और खौफनाक मामला सामने आया है। मांडर थाना क्षेत्र में गुरुवार को संत जेवियर्स स्कूल मिशन के बाहर दिनदहाड़े एक 8वीं कक्षा के छात्र पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोपी ने छात्र पर एक-दो नहीं, बल्कि करीब 20 बार चाकू से वार किया। गंभीर रूप से घायल छात्र को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
स्कूल के बाहर हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, घायल छात्र की पहचान प्रवीण साहू के रूप में हुई है, जो मांडर थाना क्षेत्र के मलती गांव का रहने वाला है। वहीं आरोपी की पहचान सुमित उरांव के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना उस समय हुई जब छात्र स्कूल के बाहर मौजूद था। अचानक आरोपी ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हमला करने के बाद आरोपी ने किया सरेंडर
घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि छात्र पर हमला करने के बाद आरोपी खुद मांडर थाना पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने दावा किया कि प्रवीण साहू उसकी लीव-इन पार्टनर को परेशान करता था, जिसके कारण उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
छात्र के दोनों फेफड़े हुए क्षतिग्रस्त
हमले में घायल छात्र को गंभीर हालत में कांस्टेंट लेवल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, चाकू के कई वार उसके सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में लगे, जिससे उसके दोनों फेफड़े गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। इतना ही नहीं, चाकू शरीर में ही धंस गया था।
सर्जन डॉ. जेआर. कृष्णन और उनकी टीम ने करीब डेढ़ घंटे तक चले जटिल ऑपरेशन के बाद छात्र के शरीर में धंसे चाकू को बाहर निकाला। डॉक्टरों ने बताया कि दोनों फेफड़ों के पिचक जाने की स्थिति बेहद जानलेवा थी। फिलहाल छात्र का इलाज जारी है और चिकित्सक उसे बचाने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं।
पहले भी हो चुकी थी मारपीट
पुलिस जांच में घायल छात्र के परिजनों ने बताया कि आरोपी सुमित उरांव पहले भी कई बार प्रवीण साहू के साथ मारपीट कर चुका था। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। चूंकि दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं और उनके घर भी आसपास हैं, इसलिए उनके बीच पहले से तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही खलारी डीएसपी आर.एन. चौधरी, इंस्पेक्टर जय प्रकाश राणा और मांडर थाना प्रभारी मनोज करमाली मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही हमले के पीछे की वास्तविक वजह और दोनों के बीच पुराने विवाद की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।