रांची: झारखंड के लिए गर्व की खबर है। सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर निवासी आशीष कुमार दाश को देश की दूसरी सबसे बड़ी आईटी सर्विसेज कंपनी इंफोसिस का अगला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक (MD) नियुक्त किया गया है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के नतीजों के साथ इस बड़े नेतृत्व परिवर्तन की घोषणा की।
आशीष कुमार दाश 1 अप्रैल 2027 से इंफोसिस के पूर्णकालिक CEO और MD का पद संभालेंगे। उनका कार्यकाल पांच वर्षों का होगा और वे 31 मार्च 2032 तक इस जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे। वे वर्तमान CEO एवं MD सलिल पारेख का स्थान लेंगे।
AI के दौर में इंफोसिस को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का लक्ष्य
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद आशीष कुमार दाश ने कहा कि तकनीक एक नए युग में प्रवेश कर रही है, जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) व्यापार और मूल्य निर्माण के तरीकों को पूरी तरह बदल रहा है। उन्होंने कहा कि इंफोसिस इस परिवर्तन के दौर में मजबूत स्थिति में है और कंपनी के पास स्पष्ट AI रणनीति, प्रतिभाशाली टीम, ग्राहकों के साथ मजबूत संबंध और वैश्विक स्तर पर विश्वास अर्जित करने वाले मूल्य मौजूद हैं।
उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य इन ताकतों को और मजबूत बनाते हुए इंफोसिस को भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार करना है।
31 साल का लंबा अनुभव, 1995 में की थी शुरुआत
आशीष कुमार दाश का इंफोसिस के साथ सफर करीब 31 वर्षों का रहा है। उन्होंने वर्ष 1995 में कंपनी में सीनियर एंगेजमेंट मैनेजर के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। लगातार मेहनत और नेतृत्व क्षमता के दम पर वे कंपनी में ऊंचे पदों तक पहुंचे और वर्तमान में एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट तथा सर्विसेज, यूटिलिटीज, रिसोर्सेज, एनर्जी एंड एंटरप्राइज सस्टेनेबिलिटी के ग्लोबल हेड के रूप में कार्यरत हैं।
अपने करियर के दौरान उन्होंने दुनिया की कई फॉर्च्यून 500 और ग्लोबल 2000 कंपनियों को AI, क्लाउड कंप्यूटिंग और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन जैसी आधुनिक तकनीकों को अपनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सलिल पारेख ने जताया भरोसा
वर्तमान CEO और MD सलिल पारेख ने आशीष कुमार दाश की नियुक्ति पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्होंने वर्षों तक उनके साथ काम किया है और उनकी ईमानदारी, ग्राहकों के प्रति समर्पण तथा बदलाव के दौर में नेतृत्व करने की क्षमता को करीब से देखा है।
सलिल पारेख ने कहा कि आशीष को ग्राहकों, कारोबार और कर्मचारियों की गहरी समझ है। उन्हें पूरा विश्वास है कि वे इंफोसिस को विकास और नवाचार के अगले चरण तक सफलतापूर्वक पहुंचाएंगे।
झारखंड के लिए गौरव का क्षण
सरायकेला जिले के राजनगर से निकलकर देश की अग्रणी आईटी कंपनियों में से एक इंफोसिस के शीर्ष पद तक पहुंचना आशीष कुमार दाश की उपलब्धि ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है। उनकी नियुक्ति राज्य के युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी, जो तकनीक और कॉर्पोरेट जगत में बड़ा मुकाम हासिल करने का सपना देखते हैं।