रांची: झारखंड सरकार ने झारखंड रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण (JHARERA) में नई नियुक्तियों की घोषणा की है। राज्यपाल के आदेश के बाद नगर विकास एवं आवास विभाग ने अधिसूचना जारी करते हुए सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी एवं झारखंड के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) अजय कुमार सिंह को JHARERA का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है।
इसके साथ ही सेवानिवृत्त प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नलिन कुमार को JHARERA का सदस्य नियुक्त किया गया है। दोनों नियुक्तियां राज्यपाल के आदेश के आलोक में की गई हैं।
झारखंड रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण (JHARERA) राज्य में रियल एस्टेट क्षेत्र को पारदर्शी, जवाबदेह और उपभोक्ता हितैषी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्राधिकरण का कार्य बिल्डरों और घर खरीदारों के बीच उत्पन्न विवादों का निपटारा करना, परियोजनाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करना तथा रियल एस्टेट क्षेत्र में नियमों का प्रभावी क्रियान्वयन करना है।
सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के बाद माना जा रहा है कि JHARERA के कार्यों को नई गति मिलेगी और लंबित मामलों के निष्पादन के साथ-साथ रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता को और मजबूती मिलेगी।