जमशेदपुर: चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड और शहर में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में एनडीए द्वारा आहूत जमशेदपुर बंद का व्यापक असर गुरुवार को पूरे शहर और आसपास के इलाकों में देखने को मिला। सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक परिवहन पर बंद का स्पष्ट प्रभाव नजर आया।

शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र बिष्टुपुर, साकची, जुगसलाई, बर्मामाइंस और मानगो सहित कई इलाकों में दुकानें पूरी तरह बंद रहीं। बड़े प्रतिष्ठानों के साथ-साथ चाय और नाश्ते की छोटी-छोटी दुकानें भी नहीं खुलीं, जिससे सुबह के समय बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा।

बंद का असर यातायात व्यवस्था पर भी देखने को मिला। सुबह कुछ ऑटो रिक्शा सड़कों पर जरूर नजर आए, लेकिन करीब सुबह 9 बजे के बाद उनका परिचालन भी बंद हो गया। निजी वाहनों को छोड़कर सार्वजनिक परिवहन लगभग पूरी तरह ठप रहा, जिससे रोजाना सफर करने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

शिक्षण संस्थानों और कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी बंद का असर दिखाई दिया। शहर के अधिकांश हिस्सों में सामान्य दिनों की तुलना में लोगों की आवाजाही काफी कम रही और बाजार सुनसान नजर आए।

गौरतलब है कि एनडीए ने चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा शहर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में इस बंद का आह्वान किया है। बंद के दौरान विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर सरकार से अपराध पर सख्ती से नियंत्रण करने की मांग की।

प्रशासन की ओर से शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

फिलहाल शहर में स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है, हालांकि बंद के कारण आम जनजीवन और कारोबार पर व्यापक असर देखने को मिल रहा है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है।