रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 (विज्ञापन संख्या 01/2026) का परिणाम जारी कर दिया है। आयोग ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी। प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थी अब 3 जुलाई 2026 से मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
आयोग के अनुसार, प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 19 अप्रैल 2026 को आयोजित परीक्षा के आधार पर तैयार किया गया है। यह परिणाम झारखंड हाईकोर्ट में लंबित W.P. (S) No. 1276/2026 (Vikash Chandra & Others बनाम State of Jharkhand & Others) तथा संबंधित मामलों में 30 जून 2026 को पारित आदेश के आलोक में प्रकाशित किया गया है।
आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है रिजल्ट
JPSC ने बताया कि परीक्षा परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। यदि परिणाम में किसी प्रकार की त्रुटि या टंकण संबंधी गलती सामने आती है तो उसमें संशोधन का अधिकार आयोग के पास सुरक्षित रहेगा।
3 जुलाई से मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन
प्रारंभिक परीक्षा में सफल उम्मीदवार 3 जुलाई 2026 से मुख्य (लिखित) परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। अभ्यर्थियों को आवश्यक दस्तावेज एवं प्रमाण-पत्र ऑनलाइन अपलोड करने होंगे। साथ ही हार्ड कॉपी भेजने सहित अन्य महत्वपूर्ण निर्देश आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए हैं।
मुख्य परीक्षा की संभावित तिथियां
JPSC के अनुसार संयुक्त असैनिक सेवा मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा 18, 19 और 20 जुलाई 2026 को संभावित रूप से आयोजित की जाएगी। परीक्षा रांची जिले के विभिन्न केंद्रों पर प्रतिदिन दो पालियों में होगी और प्रत्येक पाली की अवधि तीन घंटे निर्धारित की गई है।
परीक्षा कार्यक्रम
18 जुलाई 2026
प्रथम पाली (10:00 AM – 1:00 PM): प्रथम पत्र (Paper-I)
द्वितीय पाली (2:30 PM – 5:30 PM): तृतीय पत्र (Paper-III)
19 जुलाई 2026
प्रथम पाली: द्वितीय पत्र (Paper-II)
द्वितीय पाली: चतुर्थ पत्र (Paper-IV)
20 जुलाई 2026
प्रथम पाली: पंचम पत्र (Paper-V)
द्वितीय पाली: षष्ठम पत्र (Paper-VI)
अभ्यर्थियों के लिए सलाह
आयोग ने सफल अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आवेदन करने से पहले वेबसाइट पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। मुख्य परीक्षा से संबंधित सभी नवीनतम सूचनाएं आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर समय-समय पर जारी की जाएंगी।