केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इंडी गठबंधन के शीर्ष नेताओं पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत के राज्यों में बिहारियों को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। आये दिन उनकी पिटाई की घटनाएं हो रही हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राजद नेता लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव इसके खिलाफ एक शब्द भी नहीं बोल रहे हैं। ये नेता बिहारियों का अपमान कैसे बर्दाश्त कर रहे हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि ये नेता अपने फायदे के कारण मौन धारण किये हुए हैं।
केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह रविवार को बिहार के बांका जिले में पूर्व सांसद जर्नादन यादव की पत्नी के निधन पर उनके स्वजन से मिलने पहुंचे थे। यहीं पर उन्होंने यह बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत के राज्यों में कांग्रेस और गठबंधन वाले दलों की सरकार है, इसीलिए बिहारियों का अपमान इन्हें नजर नहीं आता है। गिरिराज सिंह ने कहा कि जनता इसका जवाब उन्हें आनेवाले विधानसभा चुनाव में देगी।
गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि बिहार का जो भी विकास हुआ है वह नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने के बाद हुआ है। विकास के मुद्दों पर नीतीश कुमार का हाथ कोई नहीं पकड़ सकता है। नीतीश पर विपक्ष द्वारा राष्ट्रगान का अपमान करने के आरोप पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लालू प्रसाद से भी कई बार गलतियां हुईं हैं। वे कई बार राष्ट्रगान के समय बैठे ही रह गये हैं, लेकिन उसकी चर्चा नहीं हो रही है। लालू और तेजस्वी के भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए विपक्ष इस मुद्दे को तूल दे रहा है।
न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
यह भी पढ़ें: Jharkhand: साहिबगंज के मंडरो में 10 दिन में पांच बच्चों की मौत, ब्रेन मलेरिया की आशंका