1 और 2 अक्टूबर को हजारीबाग बनेगा राजनीति का ‘कुरुक्षेत्र’, पहले हेमंत फिर गरजेंगे मोदी

1 अक्टूबर को उद्घाटन के लिए आयेंगे हेमंत, 2 अक्टूबर को मोदी ‘समापन’ की भरेंगे हुंकार

झारखंड के अक्टूबर की शुरुआत बड़ी जोरदार होने वाली है। या यूं समझ लीजिये दो दिनों में झारखंड में चुनावी समर का महा ऐलान होने जा रहा है। क्योंकि 1 अक्टूबर को झारखंड के मुख्यमंत्री हजारीबाग के नगर निगम भवन का उद्घाटन करने वाले हैं। इसके ठीक एक दिन बाद यानी 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती यानी महालया के दिन पीएम मोदी का हजारीबाग आगमन हो रहा है। पीएम मोदी झारखंड में भाजपा की चल रही परिवर्तन यात्रा का समापन यहां करने वाले हैं। जाहिर है, यह परिवर्तन यात्रा का समापन नहीं, बल्कि झारखंड के विधानसभा का चुनावी आगाज होगा। तो राजनीति के दो दिग्गजों की चुनावी टक्कर, दहाड़ और ललकार सुनने के लिए तैयार हो जाइये।

1 अक्टूबर को हजारीबाग नगर निगम का उद्घाटन

1 अक्टूबर को सीएम हेमंत सोरेन हजारीबाग नगर निगम भवन का उद्घाटन करेंगे। यह न केवल एक भवन का उद्घाटन है, बल्कि हजारीबाग के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक नया कदम है। 60,912 वर्ग फुट में फैला यह भवन 24.95 करोड रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इसमें महापौर, उप महापौर और नगर आयुक्त के कार्यालय, स्थाई समितियों की बैठकों के लिए स्थान और अधिकारियों के लिए सुसज्जित कार्यालय शामिल हैं। इस भवन में जन सुविधा केंद्र एवं विभिन्न कार्यों संबंधित काउंटर बनाए गए हैं, जिससे नागरिक सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।

…और क्या-क्या सुविधाएं हैं हजारीबाग नगर निगम भवन में

इन सुविधाओं के अलावा 100 लोगों की क्षमता वाला बोर्ड रूम, 35 लोगों के लिए कोर्ट रूम, 21 सदस्यों के लिए स्टैंडिंग कमेटी कक्ष और एक कैफेटेरिया उपलब्ध है। भवन में प्रत्येक मंजिल पर पुरुषों, महिलाओं और विशेष रूप से सक्षम लोगों के लिए शौचालय भी है। बेसमेंट में 30 फोर व्हीलर और 36  टू व्हीलर वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है। इसके साथ ही सभागार और सम्मेलन कक्ष जैसी सुविधा नगर निगम के कामकाज को और भी आसान बनाएंगे।

अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ आम-जन को होगी आसानी

यह भवन झारखंड सरकार की जनता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। सीएम और नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रयासों से हजारीबाग के नागरिक अब इस नये भवन में सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आसानी से उठा सकेंगे। यह कदम न केवल हजारीबाग के विकास को गति देगा, बल्कि नागरिकों के जीवन में एक सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार

यह भी पढ़ें: ‘संताल में घुसपैठ नहीं तो जांच क्यों करायें’! HC के आदेश के खिलाफ हेमंत जायेंगे SC

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *