सेवा के लिए दिए गए प्रमाण पत्रों में दर्ज उम्र के साथ छेड़छाड़ कर फर्जीवाड़ा करने के आरोप में पिछले दिनों राज्य के महा समादेष्टा के निर्देश पर जिला समादेष्टा ने साहिबगंज के 8 होमगार्ड जवानों को सेवा से बर्खास्त कर दिया। उन सभी होमगार्ड जवानों का नामांकन वर्ष के समय 19 वर्ष से कम या अधिक होने या फिर उनके मूल नामांकन पंजी में छेड़छाड़ या कटिंग पाई गई थी। जिनकी समीक्षा राज्यस्तरीय समिति के द्वारा की गई थी। समीक्षा के बाद गृह रक्षा वाहिनी कार्यालय साहिबगंज में होमगार्ड जवान मोहम्मद लाल, महबूब आलम, भोला प्रसाद साह, जनार्दन पंडित रामबचन मिश्रा, विशन शाह, मोहम्मद आजम और मोहम्मद जुल्फिकार को विभाग ने बर्खास्त कर दिया। दरअसल चंद वर्ष पूर्व तक पूरे राज्य भर में झारखंड गृह रक्षा वाहिनी की व्यवस्था जैसे- तैसे संचालित थी। इसका लाभ कतिपय होमगार्ड जवान फर्जीवाड़ा कर ले रहे थे।
कई जिलों में होमगार्ड पर आरोप था कि वे अपने जन्म प्रमाण पत्र या आधार कार्ड में दर्ज जन्मतिथि के साथ छेड़छाड़ कर सेवा में बहाल है। वर्ष 2022 -23 में राज्य समादेष्टा के प्रभार में साहिबगंज जिले के वर्तमान एसपी अमित कुमार सिंह कर रहे थे। उस दौरान उन्होंने गृह रक्षा वाहिनी की धुन लगी व्यवस्था को सुधारने और इससे पटरी पर लाने की कवायद शुरू की थी। इसके साथ उसने झारखंड के सभी जिलों को कई दिशा निर्देश जारी किए थे। उसमें एक अहम आदेश आधार कार्ड में दर्ज जन्मतिथि को सेवा के लिए मान्य नहीं मानने का भी था। राज्य के तत्कालीन राज्य समादेष्टा को यह अंदेशा था कि आधार कार्ड में दर्ज जन्मतिथि को छोड़कर कई होमगार्ड सेवानिवृत्ति की उम्र पार करने के बाद भी सेवा में बने हुए हैं। इसको लेकर उन्होंने राज्य के सभी जिलों को आदेश जारी किया था। बाद में गगृह रक्षा वाहिनी एवं अग्नि समाज सेवा झारखंड रांची के महानिदेशक सह महा समादेष्टा अनिल पालटा ने सभी जिलों के समादेष्टा को निर्देश जारी करते हुए कहा कि नव नामांकन के समय भरे जा रहे नॉमिनल रोल अथवा पुनः नामांकन के समय संधारित की जा रही पुनः नामांकन पंजीयों में कतिपय होमगार्ड के द्वारा उम्र में छेड़छाड़ की गई है, इसके चलते सही तरीके से समय पर ऐसे होमगार्ड को सेवानिवृत्ति नहीं की जा रही है। अनाधिकृत रूप से सेवानिवृत्ति की उम्र के बाद भी होमगार्ड के जवानों को कार्य करने से सरकार को नुकसान हो रहा है यह गंभीर मामला है। उन्होंने इस संबंध में झारखंड के सभी जिलों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी। इसके आलोक में साहिबगंज जिला से एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर 78 होमगार्ड की सूची भेजी गयी थी। वहीं पूरे राज्य के विभिन्न जिलों से सूची में चार हजार से अधिक ऐसे होमगार्डों की संख्या शामिल थी। इसके आलोक में राज्य स्तर पर समिति की हुई समीक्षा के बाद साहिबगंज जिले के 8 होमगार्ड जवानों के जन्म तिथि में छेड़छाड़ पाए जाने पर उनकी सेवा समाप्त कर दी गई। वही कई होमगार्डों की जन्मतिथि में सुधार की प्रक्रिया की गई। इसके बाद साहिबगंज जिले में पदस्थापित 14 होमगार्ड जवानों को ससमय सेवानिवृत्ति दिया गया।
सेवानिवृत्ति दिए गए होमगार्ड जवानों में मोहम्मद शमीम अख्तर, मोहम्मद जुल्फफार, शेख दिलावर, शेख मोजिम, अशोक कुमार शाह, शिव शंकर प्रसाद शर्मा, विशन साह, अनिल पंडित, भीम प्रसाद यादव, शेख सुल्तान मोजम्मिल खान, मोहम्मद मोफिल, अरविंद कुमार झा और शेख फसाद के नाम शामिल है। बता दें कि गृह रक्षा वाहिनी साहिबगंज में स्वीकृत पद 1150 बदले फिलहाल 752 होमगार्ड जवान पदस्थापित हैं। इसमें से तकरीबन 250 होमगार्ड जवानों को फिलहाल कहीं किसी काम में इंगेज नहीं किया जा सका है
साहिबगंज से प्रीतम पाण्डेय की रिपोर्ट
इसे भी पढ़ें: विदेश यात्रा से वापस लौटे CM हेमंत सोरेन, पहलगाम आतंकी हमले पर दिया बड़ा बयान- VIDEO