रांची : राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड जगुआर मुख्यालय, रांची में शहीद जवान सुनील धान के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। राज्यपाल और मुख्यमंत्री दोनों शहीद के शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उनका ढाढ़स बंधाया।इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीदों के परिवार के साथ सरकार का साथ हमेशा रहेगा।साथ ही उन्होंने नक्सलवाद को पूरे देश की समस्या बताया, जो अब समाप्ति की ओर है। उन्होंने कहा कि हमारे जवानों की आहुति व्यर्थ नहीं जाएगी।
आईईडी ब्लास्ट में दो जवान हुए थे घायल
गौरतलब है कि शनिवार को नक्सलियों के खिलाफ अभियान के दौरान नक्सलियों के द्वारा पहले से जमीन के नीचे लगाकर रखे गए आईईडी ब्लास्ट किया गया। ब्लास्ट में 203 कोबरा बटालियन के आरओ विष्णु सैनी और झारखंड जगुआर के कांस्टेबल सुनील धान गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायल जवानों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से तत्काल एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया। लेकिन इलाज के क्रम में घायल सुनील धान की मृत्यु हो गई।
राज्यपाल और सीएम घायल जवान का हाल जानने अस्पताल पहुंचे
उधर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और सीएम हेमंत सोरेन ने रविवार को राज अस्पताल, राँची जाकर चाईबासा में सर्च अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में घायल हुए 203 कोबरा बटालियन के जवान विष्णु सेनी के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से जवान के उपचार की प्रगति की जानकारी ली और उनके बेहतर एवं शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
ये भी पढ़ें : रांची : आज मनाया जा रहा है खजूर पर्व, पाम संडे की आराधना के साथ होली वीक की शुरुआत
न्यूज़ डेस्क/ समाचार प्लस, झारखंड – बिहार