महाराष्ट्र के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। 26/11 मुंबई आतंकी हमले के दोषी अजमल कसाब के खिलाफ सफल पैरवी करने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद उज्ज्वल निकम को महाराष्ट्र सरकार ने इस मामले में विशेष लोक अभियोजक (Special Public Prosecutor) नियुक्त किया है। सरकार के इस फैसले के बाद मामले की सुनवाई अब फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाएगी, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके।

मुख्यमंत्री और पीड़ित परिवार की मुलाकात के बाद फैसला

जानकारी के मुताबिक, केतन अग्रवाल के पिता ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर मामले में निष्पक्ष और प्रभावी पैरवी के लिए उज्ज्वल निकम को सरकारी वकील नियुक्त करने की मांग की थी। पीड़ित परिवार की इस मांग को स्वीकार करते हुए राज्य सरकार ने उन्हें विशेष लोक अभियोजक नियुक्त करने का फैसला लिया।

उज्ज्वल निकम ने खुद की पुष्टि

उज्ज्वल निकम ने स्वयं इस नियुक्ति की पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें फोन कर इस मामले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केतन अग्रवाल हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर दिया है और कानून के शासन को मजबूत बनाए रखने के लिए उन्होंने इस केस की पैरवी करने की जिम्मेदारी स्वीकार की है।

निकम ने कहा कि पुलिस की जांच अभी जारी है और चार्जशीट दाखिल होने के बाद मामले की कानूनी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। उन्होंने इसे बड़ी जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि इससे पहले भी उन्होंने कई संवेदनशील मामलों में सरकार का पक्ष रखा है।

फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी सुनवाई

राज्य सरकार ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमे की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने का निर्णय लिया है। इससे उम्मीद जताई जा रही है कि मामले का जल्द निपटारा होगा और दोषियों को शीघ्र सजा मिल सकेगी।

क्या है केतन अग्रवाल हत्याकांड?

22 वर्षीय केतन अग्रवाल की 18 जून को पुणे के निकट स्थित प्रसिद्ध लोहगढ़ किले की खाई में गिरने से मौत हो गई थी। शुरुआत में इसे दुर्घटना माना गया, लेकिन पुलिस जांच में यह मामला सुनियोजित हत्या का निकला।

जांच के दौरान पुलिस ने केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया। पुलिस का आरोप है कि दोनों ने मिलकर केतन को लोहगढ़ किले पर बुलाया और वहां से खाई में धक्का देकर उसकी हत्या कर दी। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है।

हाई-प्रोफाइल मामलों में मजबूत पैरवी के लिए प्रसिद्ध हैं उज्ज्वल निकम

उज्ज्वल निकम देश के सबसे चर्चित सरकारी वकीलों में गिने जाते हैं। उन्होंने 1993 मुंबई बम धमाके, टी-सीरीज के संस्थापक गुलशन कुमार हत्याकांड, 2008 मुंबई आतंकी हमला (26/11) सहित कई हाई-प्रोफाइल मामलों में सरकार का पक्ष रखा है। अजमल कसाब को फांसी की सजा दिलाने में भी उनकी कानूनी दलीलों की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी।

जांच जारी

पुलिस मामले की हर कड़ी की जांच कर रही है। चार्जशीट दाखिल होने के बाद अभियोजन पक्ष अदालत में सभी साक्ष्य पेश करेगा। सरकार का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।