धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला सोनारडीह ओपी क्षेत्र का है, जहां केबल चोरी का विरोध करने पर बीसीसीएल (BCCL) के एक कर्मी को अपराधियों ने गोली मार दी। घटना में कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

केबल चोरी का विरोध करने पर चलाई गोली

जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार देर रात करीब 1:00 से 1:30 बजे के बीच की है। सोनारडीह ओपी से महज कुछ कदम की दूरी पर बोकारो-धनबाद NH-32 हाईवे किनारे स्थित बीसीसीएल के समरसेबल पंप पर रात्रि पाली में पंप ऑपरेटर के रूप में तैनात उमेश रविदास ड्यूटी पर थे।

इसी दौरान करीब आधा दर्जन की संख्या में पहुंचे केबल चोर पंप परिसर से केबल चोरी करने लगे। जब पंप ऑपरेटर उमेश रविदास ने इसका विरोध किया, तो अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी।

पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती

गोली उमेश रविदास के दाहिने पैर में लगी, जो आर-पार निकल गई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों और सहकर्मियों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस चौकी से चंद कदम दूर वारदात

हैरानी की बात यह है कि यह पूरी घटना सोनारडीह ओपी से महज कुछ ही दूरी पर हुई। इसके बावजूद अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।