झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए गुरुवार को मतदान जारी है। इस चुनाव में कुल तीन उम्मीदवार मैदान में हैं, जिसके कारण दूसरी सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। इंडिया गठबंधन की ओर से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने बैजनाथ राम को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने प्रणव झा को मैदान में उतारा है। दूसरी ओर, भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी भी चुनावी रण में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, एक सीट पर झामुमो उम्मीदवार बैजनाथ राम की जीत लगभग तय मानी जा रही है। वहीं दूसरी सीट के लिए कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।

मतदान से पहले राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। राज्य की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि झारखंड अपने आत्म-सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, "आज हम पूरी एकजुटता के साथ विधानसभा की ओर बढ़ रहे हैं। देश के कई हिस्सों में विधायकों की खरीद-फरोख्त और राजनीतिक दलों को तोड़ने की कोशिशें हो रही हैं, लेकिन झारखंड अपने सम्मान और गरिमा की रक्षा के लिए अडिग रहेगा।"

वहीं, भाजपा समर्थित उम्मीदवार परिमल नथवानी ने भी अपनी जीत को लेकर विश्वास जताया। उन्होंने कहा, "मुझे पूरा भरोसा है। सभी विधायकों पर मेरा विश्वास है। यदि मौका मिला तो मैं झारखंड की सेवा के लिए पूरी निष्ठा से काम करूंगा।" कांग्रेस विधायकों के समर्थन के सवाल पर नथवानी ने दावा किया कि उन्हें सभी का समर्थन प्राप्त है।

राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू होने से पहले राजनीतिक दलों के विधायक विधानसभा पहुंचने लगे। भाजपा के विधायक एक साथ बस से विधानसभा पहुंचे। वहीं कांग्रेस के सभी 16 विधायक बीएनआर होटल से एकजुट होकर विधानसभा पहुंचे। सत्ता पक्ष के अन्य विधायक भी मतदान के लिए विधानसभा पहुंचते नजर आए।

गौरतलब है कि झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए हो रहे इस चुनाव में संख्या बल और राजनीतिक रणनीति दोनों की अहम भूमिका रहने वाली है। ऐसे में सभी की नजरें दूसरी सीट के परिणाम पर टिकी हुई हैं, जहां मुकाबला बेहद रोचक माना जा रहा है।