कोडरमा जिले के झुमरी तिलैया निवासी एनसीसी कैडेट आकाश कुमार ने भारत-चीन सीमा से सटे अरुणाचल प्रदेश की करीब 17,500 फीट ऊंची बर्फीली चोटियों पर तिरंगा फहराकर पूरे झारखंड को गौरवान्वित किया है। आकाश ने अरुणाचल प्रदेश के दिरांग स्थित राष्ट्रीय पर्वतारोहण एवं साहसिक खेल संस्थान से उन्नत पर्वतारोहण प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया है।

 

इस बड़ी उपलब्धि के बाद जब आकाश कोडरमा पहुंचे तो रेलवे स्टेशन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। एनसीसी कैडेट्स, अधिकारियों और परिवार के सदस्यों ने गर्मजोशी के साथ उनका अभिनंदन किया। इस दौरान उनकी मां ने आरती उतारकर और मस्तक पर तिलक लगाकर बेटे की सफलता पर खुशी जताई। वहीं एनसीसी कैडेट्स और अधिकारियों ने फूल-माला पहनाकर आकाश का स्वागत किया।

एनसीसी अधिकारियों ने आकाश की उपलब्धि को धैर्य, अनुशासन और मजबूत इच्छाशक्ति का परिणाम बताया। अधिकारियों ने कहा कि यह सफलता एक दिन में नहीं मिली, बल्कि कठिन मेहनत और सीमित संसाधनों के बावजूद लगातार प्रयासों से आकाश ने यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने बताया कि पर्वतारोहण प्रशिक्षण के लिए पूरे देश के करीब 20 लाख एनसीसी कैडेट्स में से केवल 8 कैडेट्स का चयन किया गया था, जिसमें आकाश ने अपनी जगह बनाई।

 

पर्वतारोही एनसीसी कैडेट आकाश कुमार ने कहा कि यह प्रशिक्षण उनके जीवन का बेहद महत्वपूर्ण अनुभव रहा। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें कई कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा, लेकिन अपने गुरुओं के मार्गदर्शन, मोटिवेशन और माता-पिता के आशीर्वाद से उन्होंने हर चुनौती को पार किया और सफलता हासिल की।

कोडरमा से भोला शंकर की रिपोर्ट