Patna NEET परीक्षा को लेकर जारी विवाद और दोबारा परीक्षा की चर्चाओं के बीच बिहार सरकार ने परीक्षार्थियों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री Samrat Choudhary ने घोषणा की है कि NEET परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने किया बड़ा एलान

मुख्यमंत्री ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए राज्य सरकार विशेष व्यवस्था कर रही है।

सरकार के इस फैसले से बिहार के हजारों परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों को राहत मिलने की उम्मीद है।

मठ-मंदिरों और NGOs से खास अपील

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन, मठ-मंदिरों और विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य प्रमुख स्थानों पर परीक्षार्थियों एवं उनके परिजनों के लिए पेयजल, सत्तू और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जाए।

उन्होंने सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

NEET पेपर लीक पर जारी है सियासत

इधर NEET पेपर लीक मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी लगातार जारी है। विपक्षी दल केंद्र सरकार पर परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

Rahul Gandhi समेत कई विपक्षी नेताओं ने इस मामले में सरकार को घेरा है। वहीं बिहार के उपमुख्यमंत्री Vijay Kumar Choudhary ने कहा कि मामले की जांच जारी है और केंद्र सरकार दोबारा परीक्षा कराने की तैयारी कर रही है।

उन्होंने राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें बयान देने की आदत है और उनकी बातों को गंभीरता से लेने की आवश्यकता नहीं है।

छात्रों को मिलेगी बड़ी राहत

सरकार के इस फैसले को छात्रों के हित में बड़ा कदम माना जा रहा है। खासकर ग्रामीण इलाकों से परीक्षा देने आने वाले छात्रों को इससे यात्रा खर्च में राहत मिलेगी।