कोडरमा जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक कर्मी को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया।

गिरफ्तार कर्मी की पहचान सुनील कुमार के रूप में हुई है, जो झुमरीतिलैया स्थित विद्युत कार्यालय में लाइनमैन के पद पर कार्यरत था।

सिक्योरिटी मनी लौटाने के नाम पर मांगी रिश्वत

जानकारी के अनुसार डोमचांच के सपही निवासी राजू यादव का नीरू पहाड़ी के पास एक ऐश ब्रिक्स प्लांट था। प्लांट के लिए उन्होंने कुछ वर्ष पहले कॉमर्शियल बिजली कनेक्शन लिया था।

पिछले वर्ष प्लांट बंद होने के बाद उन्होंने बिजली कनेक्शन कटवाने और जमा सिक्योरिटी मनी वापस लेने के लिए विभागीय कार्यालय में आवेदन दिया। आरोप है कि इस प्रक्रिया के लिए लाइनमैन सुनील कुमार ने 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।

ACB से की शिकायत

बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने और रिश्वत मांगने से परेशान होकर राजू यादव ने Anti Corruption Bureau हजारीबाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत की पुष्टि के बाद ACB की टीम ने जाल बिछाया और गुरुवार को बिजली कार्यालय के पास सुनील कुमार को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद हजारीबाग ले गई टीम

ACB की कार्रवाई के बाद आरोपी लाइनमैन को हिरासत में लेकर टीम अपने साथ हजारीबाग ले गई। मामले में आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई जारी है।

इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ हुई इस कार्रवाई का स्वागत किया है।