बक्सर: Buxar में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री Suvendu Adhikari के निजी सहायक चन्द्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच तेज हो गई है। मामले में गुरुवार को बंगाल STF की टीम ने बक्सर केंद्रीय कारा में बंद एक युवक को 10 दिनों के रिमांड पर अपने साथ ले गई।
शराब तस्करी में गिरफ्तार था आरोपी
जानकारी के अनुसार यूपी के जमानिया निवासी संजय राय को 11 मई को राजपुर पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसके पास से पांच लीटर शराब बरामद की थी, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया था।
अब बंगाल STF को शक है कि संजय राय का संबंध चन्द्रनाथ रथ हत्याकांड से हो सकता है।
STF ने घंटों की पूछताछ
गुरुवार को बंगाल STF की टीम बक्सर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ केंद्रीय कारा में बंद संजय राय से लंबी पूछताछ की। इसके बाद कोर्ट की प्रक्रिया पूरी कर उसे 10 दिनों के रिमांड पर बंगाल ले जाया गया।
जांच से बचने के लिए खुद कराया गिरफ्तार?
पुलिस सूत्रों के मुताबिक जिस तरह से संजय राय शराब के साथ पकड़ा गया, उससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि वह बंगाल पुलिस की जांच से बचने के लिए जानबूझकर गिरफ्तार हुआ था।
हालांकि, राजपुर पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी नियमित जांच अभियान के दौरान हुई थी और आरोपी के खिलाफ पहले कोई बड़ा आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।
पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां
गौरतलब है कि 6 मई की रात चन्द्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह अपने घर लौट रहे थे तभी अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया।
इस मामले में बंगाल STF पहले ही बक्सर के दो युवकों मयंक मिश्रा और विक्की मौर्य को गिरफ्तार कर चुकी है। अब तीसरे आरोपी के रूप में संजय राय को रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस फिलहाल चुप
पूरे मामले में बंगाल STF और स्थानीय पुलिस फिलहाल ज्यादा जानकारी साझा करने से बच रही है। हालांकि लगातार हो रही गिरफ्तारियों से यह साफ है कि जांच एजेंसियां हत्याकांड की तह तक पहुंचने में जुटी हुई हैं।