रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित कोकर खोरहा टोली से लापता हुई 18 महीने की मासूम बच्ची अदिति पांडे का शव बरामद कर लिया गया है। बच्ची का शव गाड़ीगांव इलाके के एक नाले से मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं आसपास के लोगों में भी शोक का माहौल है।
बताया जा रहा है कि मासूम अदिति रविवार से लापता थी। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने सदर थाना में इसकी सूचना दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस लगातार बच्ची की तलाश में जुटी हुई थी.
पुलिस ने घोषित किया था 50 हजार का इनाम
बच्ची की तलाश के लिए पुलिस लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थी। साथ ही बच्ची का सुराग देने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा भी की गई थी। पुलिस आसपास के इलाकों में लगातार जांच और पूछताछ कर रही थी।
इधर, घर के पास मौजूद बड़े नाले को देखते हुए शुरुआत से ही हादसे की आशंका जताई जा रही थी। इसी कारण पुलिस और स्थानीय लोग नाले के आसपास विशेष रूप से तलाश अभियान चला रहे थे।
सर्च ऑपरेशन के दौरान मिला शव
लगातार चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान गाड़ीगांव स्थित नाले से बच्ची का शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह केवल हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी हो सकता है।
इलाके में शोक का माहौल
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इलाके के खुले नालों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।