जमशेदपुर के वर्कर्स कॉलेज में कला एवं विज्ञान संकाय हटाने के प्रस्ताव के खिलाफ शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।

यह प्रदर्शन कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा द्वारा पाठ्यक्रम पुनर्गठन के तहत लिए गए फैसले के विरोध में किया गया।


छात्रों ने जताया आक्रोश, निर्णय वापस लेने की मांग

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों का कहना है कि इस फैसले से हजारों विद्यार्थियों की पढ़ाई और भविष्य प्रभावित होगा।

अभाविप ने मांग की कि छात्रहित को ध्यान में रखते हुए इस निर्णय को तुरंत वापस लिया जाए।


MAJOR, MINOR और MDC छात्रों पर पड़ेगा असर

छात्र संगठनों का कहना है कि नए पाठ्यक्रम के तहत MAJOR, MINOR और MDC विषयों से जुड़े छात्रों को सबसे ज्यादा परेशानी होगी।

इससे न केवल वर्तमान छात्र प्रभावित होंगे, बल्कि भविष्य में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के सामने भी संकट खड़ा हो जाएगा।


ग्रामीण छात्रों की पढ़ाई पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर

अभाविप ने बताया कि वर्कर्स कॉलेज मानगो क्षेत्र का एकमात्र अंगीभूत महाविद्यालय है, जहां पटमदा, बोड़ाम, घाटशिला और बहरागोड़ा जैसे ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में छात्र पढ़ने आते हैं।

ऐसे में कला और विज्ञान संकाय हटाने से आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण पृष्ठभूमि के छात्रों की पढ़ाई बाधित हो सकती है।


बिना विचार-विमर्श लिया गया फैसला: ABVP

परिषद ने आरोप लगाया कि पाठ्यक्रम पुनर्गठन के दौरान छात्रों, अभिभावकों और अन्य हितधारकों से कोई चर्चा नहीं की गई।

अभाविप ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की कि सभी विद्यार्थियों का नामांकन सुनिश्चित किया जाए और इस फैसले पर पुनर्विचार किया जाए।


प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र शामिल

इस प्रदर्शन में अभिषेक कुमार, शुभम राज, प्रियांशु राज, बापन घोष समेत कई छात्र नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।