धनबाद: Dhanbad जिले के बाघमारा थाना क्षेत्र में अवैध कोयला खनन और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। बीसीसीएल प्रबंधन, बाघमारा पुलिस और सीआईएसएफ की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अवैध कोयला लदे एक ट्रक और एक मिनी हाइवा को जब्त किया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, बाघमारा क्षेत्र में जमुनिया नदी और उसके आसपास के इलाकों में लंबे समय से अवैध कोयला खनन का धंधा चल रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दर्जनों स्थानों पर लगातार अवैध खनन किया जा रहा है, जिससे जमुनिया नदी और आसपास के जंगलों को भारी नुकसान पहुंच रहा है।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
सूत्रों के मुताबिक, जमुनिया नदी और जंगल बचाने को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता जगत महतो ने आंदोलन और धरना प्रदर्शन का अल्टीमेटम दिया था। इसी बीच गुप्त सूचना मिलने पर बीसीसीएल, Central Industrial Security Force और बाघमारा पुलिस की टीम ने माटीगढ़ा डैम कॉलोनी स्थित एलपीजी गैस गोदाम के पास सड़क मार्ग पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान टीम ने एक ट्रक और एक मिनी हाइवा को पकड़ा, जिनमें अवैध रूप से कोयला लदा हुआ था।
टीम को देखकर भागने लगे चालक
संयुक्त टीम को देखते ही वाहन चालकों ने मौके से भागने की कोशिश की। हालांकि मिनी हाइवा चालक को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जिसे सीआईएसएफ ने बाघमारा पुलिस के हवाले कर दिया।
वहीं ट्रक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। भागने के दौरान ट्रक सड़क किनारे बने गड्ढे में फंस गया। बाद में क्रेन मशीन की मदद से वाहन को बाहर निकालने का प्रयास किया गया।
जमुनिया नदी पर मंडरा रहा खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रहे अवैध कोयला खनन से जमुनिया नदी का अस्तित्व खतरे में पड़ता जा रहा है। नदी किनारे बड़े पैमाने पर खुदाई किए जाने से पर्यावरण और जल स्रोतों पर भी असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध खनन पर स्थायी रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी
समाचार लिखे जाने तक बीसीसीएल ब्लॉक-2 क्षेत्रीय प्रबंधन और सीआईएसएफ की ओर से बाघमारा थाना में लिखित शिकायत देने की प्रक्रिया जारी थी।
बाघमारा थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में भी जुट गई है।