भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए Anti Corruption Bureau (ACB) ने बड़ी सफलता हासिल की है। नवी मुंबई महानगरपालिका के उपायुक्त कैलास गायकवाड को 42 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई ठेकेदार दशरथ सुरवते की शिकायत के आधार पर की गई। आरोप है कि अतिक्रमण विभाग से जुड़े एक बिल को पास करने के बदले उपायुक्त द्वारा रिश्वत की मांग की गई थी। लंबे समय से बिल लंबित रखा गया था, जिसके बाद पीड़ित ने ACB से शिकायत की।
शिकायत के सत्यापन के बाद ACB की टीम ने जाल बिछाया और मंगलवार को नवी मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय के तीसरी मंजिल स्थित कार्यालय में छापेमारी कर आरोपी को रंगेहाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि यह मामला 15 नवंबर 2024 से 15 फरवरी 2025 के बीच ऐरोली क्षेत्र में किए गए कार्यों के भुगतान से जुड़ा हुआ है। पीड़ित के बिल को कई महीनों तक रोके रखने के बाद रिश्वत की मांग की जा रही थी।
इस कार्रवाई के बाद नवी मुंबई महानगरपालिका में हड़कंप मच गया है। ACB की टीम अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संभावित पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
हाल के दिनों में ACB द्वारा लगातार भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है, जिससे सरकारी तंत्र में भी सतर्कता बढ़ी है।