मशहूर रैपर और सिंगर Badshah की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। हरियाणवी ट्रैक ‘टटीरी’ को लेकर चल रहे विवाद में अब मामला और गंभीर हो गया है। हरियाणा राज्य महिला आयोग ने सिंगर के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस को उन्हें गिरफ्तार करने और पासपोर्ट जब्त करने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, शुक्रवार को सिंगर को महिला आयोग के समन के जवाब में पानीपत में पेश होना था, लेकिन वह तय समय पर उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद आयोग ने उनके खिलाफ कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए।
आयोग के समन पर पेश नहीं हुए बादशाह
हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन Renu Bhatia ने बताया कि सिंगर को दोपहर 3 बजे तक व्यक्तिगत रूप से आयोग के सामने पेश होने के लिए कहा गया था।
लेकिन जब वह तय समय तक उपस्थित नहीं हुए तो आयोग ने पानीपत और पंचकूला पुलिस को उनके खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही पूरे राज्य में नोटिस जारी कर दिया गया।
हरियाणा में शो पर भी लग सकती है रोक
महिला आयोग की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि जब तक बादशाह आयोग के सामने पेश नहीं होते, तब तक हरियाणा में उनके किसी भी शो की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इसके अलावा पुलिस को यह भी निर्देश दिया गया है कि यदि जरूरत पड़े तो सिंगर का पासपोर्ट भी जब्त किया जा सकता है, ताकि वह जांच से बचने के लिए विदेश न जा सकें।
वकील से मिलने से भी किया गया इनकार
रिपोर्ट के अनुसार, आयोग की चेयरपर्सन ने बादशाह के वकील से मिलने से भी इनकार कर दिया। उनका कहना था कि सिंगर को खुद आयोग के सामने उपस्थित होना था, इसलिए केवल वकील के जरिए मामला नहीं सुना जाएगा।
हालांकि सिंगर के वकील ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बादशाह एक कलाकार हैं और उन्होंने अपने काम से हरियाणा का नाम रोशन किया है।
सोशल मीडिया पर माफी मांग चुके हैं बादशाह
विवाद बढ़ने के बाद Badshah ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर माफी भी मांगी थी।
वीडियो में उन्होंने कहा था कि उनका किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था और यदि किसी को उनके गाने से ठेस पहुंची है तो वह इसके लिए खेद व्यक्त करते हैं।
शिकायतकर्ता ने क्या कहा?
इस मामले में शिकायतकर्ता सविता आर्य ने मीडिया को बताया कि आयोग की चेयरपर्सन ने पहले ही साफ कर दिया था कि यदि बादशाह दोपहर 3 बजे तक आयोग के सामने पेश हो जाते हैं तो विवाद सुलझ सकता है।
लेकिन तय समय तक पेश न होने के कारण अब उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बढ़ सकता है विवाद
‘टटीरी’ गाने को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब कानूनी रूप ले चुका है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि सिंगर इस मामले में आयोग के सामने पेश होते हैं या फिर मामला और आगे बढ़ता है।