बॉलीवुड अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा के पिता सुनील मल्होत्रा का निधन हो गया है। अभिनेता ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने पिता के निधन की पुष्टि की। अपने पिता को अंतिम विदाई देने के लिए सिद्धार्थ परिवार के साथ तुरंत दिल्ली पहुंचे। दिल्ली में सिद्धार्थ के पिता सुनील मल्होत्रा का अंतिम संस्कार हुआ, लेकिन इस मुश्किल समय में अपने परिवार का साथ देने के लिए, उनका सहारा बनने के लिए फिलहाल दिल्ली में ही रहेंगे। अभिनेता ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए अपने पिता के निधन की जानकारी साझा की और दिवंगत पिता के लिए एक लंबा संदेश भी साझा किया है।
सिद्धार्थ मल्होत्रा ने पिता की याद में लिखा पोस्ट
सिद्धार्थ ने अपने पिता के साथ कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनके कैप्शन में उन्होंने लिखा- ‘वह सच्चे, ईमानदार और कल्चर से जुड़े व्यक्ति थे। उन्होंने अपनी जिंदगी अपने मूल्यों पर जी, कभी समझौता नहीं किया। वह अनुशासित थे, लेकिन कठोर नहीं। ताकत थी, लेकिन घमंड नहीं। जिंदगी ने उनकी कई परीक्षाएं लीं, लेकिन वह हमेशा पॉजिटिव रहे। मर्चेंट नेवी के कैप्टन के रूप में समुद्रों का नेतृत्व करने से लेकर शांत और साहस के साथ बीमारी का सामना करने तक, उन्होंने कभी हार नहीं मानी, कभी अपनी गरिमा नहीं खोई।’