जैक 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा को लेकर राजधानी रांची में ट्रैफिक व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक समय पर और सुरक्षित पहुंचाने के उद्देश्य से अब शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस सुबह 9 बजे की बजाय 8 बजे से ही तैनात रहेगी।
छात्रों को नहीं होगी परेशानी
ट्रैफिक पुलिस ने यह फैसला बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर लिया है, ताकि छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिससे यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके।
एसएसपी के निर्देश पर सख्ती
रांची एसएसपी राकेश रंजन ने बोर्ड परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए हैं। इसके आलोक में ट्रैफिक एसपी ने नगर क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों के बाहर और पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
अभिभावकों से अपील
पुलिस प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को समय से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाएं और निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़ा करें, ताकि ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
बोर्ड परीक्षा के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।