झारखंड के धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। सासाराम से मछली अनलोड कर कोलकाता लौट रही एक पिकअप वैन ने सड़क किनारे खड़े 12 चक्का ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
कोलकाता के थे मृतक और घायल
जानकारी के अनुसार, पिकअप वैन (WB23M-8702) ने खड़े ट्रक (BR28GA-7127) में टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों की सूचना पर बरवाअड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
वाहन में फंसे घायलों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और उन्हें शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल (SNMMCH) भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने आमिर नामक युवक को मृत घोषित कर दिया।
दो अन्य घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। एक अन्य व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया गया। मृतक और घायल सभी कोलकाता निवासी बताए जा रहे हैं।
पार्किंग लाइट नहीं जलने से हुआ हादसा?
पिकअप चालक रोहन प्रसाद के अनुसार, नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक में पार्किंग लाइट नहीं जल रही थी। अंधेरे में ट्रक दिखाई नहीं देने के कारण यह हादसा हुआ।
बरवाअड्डा पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।