रांची (RANCHI): राजधानी रांची के कचहरी स्थित समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से बुधवार को पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। यह धमकी ईमेल के माध्यम से भेजी गई है, जिसकी जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और कोतवाली डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत समाहरणालय परिसर पहुंची। सुरक्षा कारणों से पूरे परिसर को खाली करा लिया गया है और हर कोने में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। समाहरणालय के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, फिलहाल किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन एहतियातन जांच जारी है। साइबर सेल की टीम धमकी भरे ईमेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है।
प्रशासन ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।
फिलहाल समाहरणालय क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रशासन पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।