रांची। झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने वाला है। राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में अगले दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, जिससे लोगों को फिलहाल ठंड से राहत बनी रहेगी। हालांकि इसके बाद ठंड दोबारा बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 6, 7 और 8 फरवरी को राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। इससे सुबह और रात के समय ठंड का असर फिर से बढ़ जाएगा।
फरवरी के अंत तक बना रहेगा उतार-चढ़ाव
Jharkhand Weather Forecast के अनुसार फरवरी महीने के अंत तक मौसम में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी रह सकता है। अगले दो दिनों तक राहत के बाद ठंडी हवाओं का असर बढ़ेगा। मंगलवार देर शाम से ही राजधानी और आसपास के जिलों में ठंडी हवा चलने लगी है।
राज्य के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल छाने और कहीं-कहीं हल्का से मध्यम कोहरा पड़ने की संभावना जताई गई है। हालांकि मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग ने लगातार बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
चाईबासा रहा सबसे गर्म, गुमला सबसे ठंडा
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहा। कई इलाकों में हल्का कोहरा देखा गया।
वहीं राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अगले चार दिन रांची का तापमान ऐसा रहेगा
-
4 फरवरी: अधिकतम 26°C | न्यूनतम 12°C
-
5 फरवरी: अधिकतम 26°C | न्यूनतम 10°C
-
6 फरवरी: अधिकतम 25°C | न्यूनतम 9°C
-
7 फरवरी: अधिकतम 25°C | न्यूनतम 9°C
मौसम विभाग का कहना है कि 6 फरवरी से ठंड का असर साफ तौर पर महसूस किया जा सकता है। ऐसे में लोगों को सुबह-शाम अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।