धनबाद में बीती रात हुई बमबाजी की घटना के बाद पूरे जिले में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। इसी बीच सिंह मेंशन पर रविवार देर रात हुई बमबाजी को लेकर एक बड़ा और चौंकाने वाला दावा सामने आया है। इस वारदात की जिम्मेदारी अमन सिंह (मृत) गिरोह ने लेने का दावा किया है।
गिरोह के सदस्य शंकर सिंह की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में न सिर्फ बमबाजी की जिम्मेदारी ली गई है, बल्कि धनबाद में दहशत फैलाने की खुली धमकी भी दी गई है। इस बयान के सामने आते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।
“धनबाद को श्मशान बना देंगे” जैसी धमकी
प्रेस विज्ञप्ति में शंकर सिंह ने कहा है कि जिस जमीन पर अमन सिंह का खून बहा है, उस धरती को बंजर बना दिया जाएगा। बयान में धनबाद को श्मशान में तब्दील करने जैसी धमकी दी गई है, जिससे पूरे जिले में सनसनी फैल गई है।
गिरोह की ओर से जारी इस धमकी भरे बयान के बाद आम लोगों में भय का माहौल है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।
व्यापारियों को रंगदारी देने की चेतावनी
गिरोह ने अपने बयान में धनबाद के व्यापारियों को भी सीधे तौर पर निशाना बनाया है। शंकर सिंह ने कहा है कि शहर के सभी व्यापारियों को रंगदारी देनी होगी। जो भी इसका विरोध करेगा, उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
इस धमकी के बाद धनबाद के कारोबारी वर्ग में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है। कई व्यापारी अपनी दुकानों और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर सतर्क हो गए हैं।
संजीव सिंह को लेकर आपत्तिजनक बयान
प्रेस विज्ञप्ति में पूर्व विधायक संजीव सिंह का नाम लेते हुए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है। शंकर सिंह ने दावा किया है कि उनके कथित “देवता” संजीव सिंह के आवास पर हमला किया जा चुका है।
साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि आने वाले दिनों में शहर में चुन-चुनकर लोगों को निशाना बनाया जाएगा और अमन सिंह द्वारा दिया गया कथित वचन पूरा किया जाएगा।
पुलिस अलर्ट, जांच तेज
धमकी भरे बयान के सामने आने के बाद धनबाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह प्रेस विज्ञप्ति कहां से और किस माध्यम से जारी की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धमकी देने वालों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
सिंह मेंशन बमबाजी और उसके बाद सामने आई धमकियों को देखते हुए धनबाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार गश्त की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी जाएगी और शहर की शांति बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।