जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटा गोविंदपुर पंचायत भवन के पास बजरंगनगर में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां पांच साल के मासूम बच्चे शिवम कैवर्तों की कुएं में गिरने से मौत हो गई। बच्चे का शव बरामद होते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवम रविवार शाम करीब 5 बजे अपने दोस्तों के साथ खेलने के लिए घर से निकला था। शाम लगभग 6 बजे उसके सभी दोस्त अपने-अपने घर लौट आए, लेकिन शिवम वापस नहीं आया। देर शाम तक जब बच्चा घर नहीं पहुंचा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई।
कुएं के पास मिली चप्पल, बढ़ी अनहोनी की आशंका
बच्चे की तलाश के दौरान पंचायत भवन के समीप स्थित एक करीब 30 फीट गहरे कुएं के पास शिवम की चप्पल मिली। इसके बाद किसी अनहोनी की आशंका और गहरा गई। परिजनों ने तत्काल परसुडीह थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। रेस्क्यू के लिए टाटा स्टील के सुरक्षा कर्मी मजरुल बारी की मदद ली गई, जो रस्सी के सहारे कुएं में उतरे। कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 9:30 बजे मासूम शिवम का शव कुएं से बाहर निकाला गया।
शव निकलते ही फूट-फूटकर रोए लोग
जैसे ही शिवम का शव कुएं से बाहर लाया गया, मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। पूरे छोटा गोविंदपुर और बजरंगनगर इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मासूम की असमय मौत से हर कोई स्तब्ध है।
पुलिस क्या कह रही है
परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि खेलते समय बच्चा कुएं में गिर गया। हालांकि, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने कहा कि परिजनों की लिखित शिकायत मिलने और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
इलाके में मातम, सुरक्षा पर उठे सवाल
इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा और दुख दोनों है। लोगों का कहना है कि खुले कुएं बच्चों के लिए बड़ा खतरा बने हुए हैं। प्रशासन से मांग की जा रही है कि ऐसे कुओं को ढंका जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
फिलहाल, पूरे मामले की जांच जारी है और मासूम शिवम की मौत ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।