रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक ने की शिष्टाचार मुलाकात, दीक्षांत समारोह का निमंत्रणकांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. (डॉ.) गौतम सूत्रधर ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान निदेशक ने मुख्यमंत्री को 29 दिसंबर को आयोजित होने वाले एनआईटी जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण दिया।
मुलाकात के दौरान प्रो. (डॉ.) गौतम सूत्रधर ने मुख्यमंत्री को दीक्षांत समारोह की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में लगभग एक हजार छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एनआईटी जमशेदपुर के दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एनआईटी जमशेदपुर के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संस्थान राज्य और देश के युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आशा जताई कि एनआईटी जमशेदपुर भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार के माध्यम से समाज को नई दिशा देगा।