रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की प्रारंभिक परीक्षा (PT) में कथित सेटिंग, OMR शीट में हेरफेर और अनुचित साधनों के जरिए अभ्यर्थियों को सफल कराने वाले सिंडिकेट को लेकर CID की जांच में कई अहम खुलासे हुए हैं। जांच में सामने आया है कि परीक्षा में गड़बड़ी कराने वाला नेटवर्क राज्य के अलग-अलग जिलों में सक्रिय था। CID की जांच शुरू होने के बाद इस सिंडिकेट से जुड़े लोगों ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। इसी कड़ी में अभ्यर्थियों के मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र रामगढ़ में छिपाकर रखे गए थे।
जांच के अनुसार, दलालों ने अभ्यर्थियों के मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र गारंटी के तौर पर अपने पास रखे थे। CID की जांच शुरू होते ही सेटिंग के जरिए परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों ने अपने प्रमाण पत्र वापस लेने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया, ताकि जांच के दौरान दलालों के पास से ये दस्तावेज बरामद नहीं हो सकें और सिंडिकेट से जुड़े साक्ष्य मिटाए जा सकें।
रामगढ़ में अविनाश नायक के घर छिपाए गए थे प्रमाण पत्र
CID की टीम एक तरफ परीक्षा घोटाले की जांच के तहत अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी, वहीं दूसरी तरफ मामले के प्रमुख आरोपित रक्षक सिंह और बुद्धेश्वर भगत रामगढ़ पहुंचे थे। जांच में सामने आया कि अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र रामगढ़ में अविनाश नायक के घर पर छिपाकर रखे गए थे।
बताया गया है कि 22 जुलाई को उमेश कुमार ने दो थैलों में भरकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र अविनाश नायक के पास रखवाए थे। इसके बाद CID की छापेमारी खत्म होने पर एक अगस्त को बुद्धेश्वर भगत और उमेश कुमार दोबारा रामगढ़ पहुंचे और प्रमाण पत्रों से भरे थैले वापस ले गए। इसके बाद अभ्यर्थियों को उनके मूल प्रमाण पत्र लौटा दिए गए।
एक करोड़ और 80 लाख रुपये में तय हुआ था सौदा
SIT के सामने दिए गए बयान में इस मामले के अभियुक्त रक्षक सिंह ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने रमेश कुमार और बुद्धेश्वर भगत से संपर्क किया था। 14वीं JPSC परीक्षा में अभ्यर्थियों को सफल कराने के लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों से एक करोड़ रुपये और SC/ST वर्ग के उम्मीदवारों से 80 लाख रुपये लेने का सौदा तय किया गया था।
इस पूरे लेन-देन में रमेश कुमार को 10 प्रतिशत कमीशन मिलना था। ओरमांझी के एक नर्सिंग कॉलेज में काम करने वाले रमेश कुमार ने उमाकांत उरांव, रॉकी सचिन लकड़ा, मनोज कुमार और रोशन केरकेट्टा से संपर्क किया था। आरोप है कि इन अभ्यर्थियों से 10-10 लाख रुपये लिए गए थे। रमेश कुमार ने इसमें से चार लाख रुपये कमीशन के रूप में अपने पास रखे और शेष 36 लाख रुपये बुद्धेश्वर भगत को दे दिए।
OMR की कार्बन कॉपी भी जांच के घेरे में
JPSC परीक्षा घोटाले की जांच के दौरान CID ने सफल अभ्यर्थियों से OMR शीट की कार्बन कॉपी मांगी थी। इस पर अभियुक्त उमाकांत उरांव, रॉकी सचिन लकड़ा, मनोज कुमार और रोशन केरकेट्टा ने अपनी कार्बन कॉपी उपलब्ध नहीं होने की बात कही।
जांच में सामने आया कि इन अभ्यर्थियों ने परीक्षा से पहले ही OMR शीट की कार्बन प्रतियां दलालों को सौंप दी थीं। ऐसे में उनकी ओर से कार्बन कॉपी मिसिंग होने की जानकारी देना भी जांच का अहम बिंदु बन गया है।
पूरे मामले से स्पष्ट होता है कि JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं का नेटवर्क केवल अभ्यर्थियों को परीक्षा पास कराने तक सीमित नहीं था, बल्कि इसमें पैसों के लेन-देन, मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्रों को गारंटी के तौर पर रखने और OMR की कार्बन कॉपी हासिल करने जैसे तरीके भी अपनाए गए थे। CID की जांच में सामने आए ये तथ्य परीक्षा की निष्पक्षता और चयन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।