चतरा: झारखंड के चतरा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना इटखोरी थाना क्षेत्र के बघमुंडी गांव की है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, हजारीबाग की ओर से एक पिकअप वाहन के पीछे रस्सी से बांधकर छत ढलाई में इस्तेमाल होने वाली मिक्सर मशीन लाई जा रही थी। इसी दौरान अचानक रस्सी टूट गई, जिससे मशीन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी महिला की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतका की पहचान राधिका साव की पत्नी सुदामा देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। इस हादसे ने सड़क पर असुरक्षित तरीके से भारी मशीनों को ले जाने के खतरे को भी उजागर किया है।