रांची : संत जेवियर्स कॉलेज, रांची में रविवार को ट्राइबल सोसाइटी की ओर से सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और पारंपरिक नृत्य शैलियों की अनूठी झलक देखने को मिली। विभिन्न कॉलेजों के छात्रावासों और छात्र संघों की कुल 13 टीमों ने पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-नगाड़ों और मांदर की थाप पर शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।

पारंपरिक वेशभूषा में सजे युवाओं ने बिखेरा सांस्कृतिक रंग

प्रतियोगिता में सात छात्रावासों और छह छात्र संघों की टीमों ने हिस्सा लिया। पारंपरिक परिधानों में सजे छात्र-छात्राओं ने मधुर लोकगीतों की धुन पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। ढोल, नगाड़ों और मांदर की गूंज से पूरा परिसर जनजातीय संस्कृति के रंग में रंग गया। प्रतिभागियों ने अपने नृत्य के माध्यम से समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और सामूहिकता की भावना को प्रदर्शित किया।

युवाओं से अवसरों का लाभ उठाने की अपील

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित आईजी अनिलसन लकड़ा का स्वागत आदिवासी रीति-रिवाजों के अनुसार किया गया। उन्होंने कॉलेज के युवाओं से अपील की कि वे अपने शैक्षणिक जीवन में मिलने वाले हर अवसर का भरपूर लाभ उठाएं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रांची जेसुइट के नवनियुक्त प्रोविंशियल सह कॉलेज के चेयरमैन फादर फ्रांसिस मिंज, एसजे ने कहा कि सांस्कृतिक चेतना के साथ बौद्धिक चेतना भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा और संस्कृति के महत्व को रेखांकित किया।

अंतर छात्रावास प्रतियोगिता में संत अन्ना छात्रावास प्रथम

अंतर छात्रावास सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में संत अन्ना छात्रावास ने पहला स्थान हासिल किया। संत जेवियर्स हॉस्टल दूसरे और निर्मला कॉलेज छात्रावास तीसरे स्थान पर रहा।

वहीं, अंतर छात्र संघीय प्रतियोगिता में खड़िया छात्र संघ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। हीरा-बरवे छात्र संघ दूसरे और संथाल छात्र संघ तीसरे स्थान पर रहा।

जावा प्रतियोगिता में हीरा-बरवे छात्र संघ ने मारी बाजी

कार्यक्रम के अंतिम चरण में आयोजित जावा प्रतियोगिता में हीरा-बरवे छात्र संघ ने पहला स्थान हासिल किया। लोयोला हॉस्टल दूसरे और संत अन्ना हॉस्टल, डोरंडा तीसरे स्थान पर रहा।

प्रतियोगिता में मनरेसा हाउस, माइनर सेमिनरी, उर्सुलाइन छात्रावास, पलामू छात्र संघ, छोटानागपुर मुंडा छात्र संघ और हो यूथ एसोसिएशन की टीमों ने भी शानदार प्रस्तुतियां दीं।

कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित

कार्यक्रम में संरक्षक डॉ. फादर प्रभात केनेडी सोरेंग, एसजे, उप-प्राचार्य डॉ. फादर अजय अरुण मिंज, एसजे, फादर अजय अनिल तिर्की, डॉ. मेल्टिना टोप्पो सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक पहचान को सहेजने और जनजातीय परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का मंच प्रदान किया।