रांची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच शुक्रवार को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में टी-20 मुकाबला खेला जाएगा। पांच मैचों की सीरीज का दूसरा मैच शाम सात बजे से शुरू होगा। पहले मुकाबले में जीत दर्ज करने के बाद टीम इंडिया की नजर रांची में भी जीत हासिल कर सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाने पर होगी। मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है। वहीं, स्टेडियम पहुंचने वाले दर्शकों के लिए सुरक्षा और व्यवस्था से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करना जरूरी होगा।

इन सामानों को स्टेडियम में ले जाने पर रोक

मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्टेडियम में कई वस्तुओं को ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। दर्शक अपने साथ डीएसएलआर कैमरा, वीडियो रिकॉर्डर, लैपटॉप, कंप्यूटर, ट्रांजिस्टर, ईयर प्लग और हेडफोन नहीं ले जा सकेंगे। इसके अलावा सिक्के, हेलमेट, थैले और किसी भी तरह के बैग पर भी रोक रहेगी। बाहर का खाना, कांच या प्लास्टिक की बोतलें, कैन और धातु के कंटेनर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

सिगरेट, शराब और खतरनाक वस्तुएं भी प्रतिबंधित

स्टेडियम परिसर में सिगरेट, लाइटर, तंबाकू उत्पाद, शराब और अन्य नशीले पदार्थ ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। पटाखे, आतिशबाजी की सामग्री, हथियार और खतरनाक या विषाक्त पदार्थ भी प्रतिबंधित वस्तुओं की सूची में शामिल हैं। इसके अलावा संगीत वाद्ययंत्र तथा ऐसे बैनर और झंडे भी नहीं ले जाए जा सकेंगे, जिनसे अनधिकृत व्यावसायिक प्रचार या प्रायोजक अधिकारों का उल्लंघन होता हो।

नियम तोड़ने पर स्टेडियम से बाहर किए जा सकते हैं दर्शक

मैच के दौरान अनुशासन भंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पिच, खेल के मैदान या प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है। स्टेडियम परिसर में सट्टेबाजी की अनुमति नहीं होगी। मैदान या अन्य दर्शकों की ओर वस्तुएं फेंकने और स्टेडियम की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर भी कार्रवाई की जाएगी। सीढ़ियों, प्रवेश-निकास द्वारों और रास्तों पर खड़े होकर आवागमन बाधित करने की अनुमति नहीं होगी। शराब या नशीले पदार्थों के प्रभाव में पाए जाने अथवा अभद्र व्यवहार करने वाले दर्शकों को स्टेडियम से बाहर निकाला जा सकता है।

समय से पहुंचें, टिकट और सुरक्षा जांच के बाद मिलेगा प्रवेश

दर्शकों को सलाह दी गई है कि वे समय से स्टेडियम पहुंचें और टिकट जांच तथा सुरक्षा स्क्रीनिंग के लिए पर्याप्त समय रखें। दर्शकों को अपनी निर्धारित सीट पर बैठना होगा। प्रवेश द्वार बंद होने के बाद स्टेडियम में प्रवेश नहीं मिल सकेगा। एक बार स्टेडियम में प्रवेश करने के बाद बाहर निकलने पर दोबारा प्रवेश से संबंधित पाबंदियों का भी ध्यान रखना होगा। इसलिए दर्शक घर से निकलने से पहले जरूरी तैयारियां कर लें और प्रतिबंधित सामान साथ न लाएं।

रांची में भारत का रिकॉर्ड शानदार

जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में अब तक भारत ने चार टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। इनमें तीन मैचों में टीम इंडिया को जीत मिली है, जबकि एक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। भारत ने श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत दर्ज की है। जनवरी 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ मिली हार रांची में भारत की एकमात्र टी-20 अंतरराष्ट्रीय हार है।

रांची में भारत का सर्वोच्च टी-20 अंतरराष्ट्रीय स्कोर छह विकेट पर 196 रन है, जो टीम ने 2016 में श्रीलंका के खिलाफ बनाया था। वहीं, 2021 में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत ने 155 रन का लक्ष्य 17.2 ओवर में हासिल कर लिया था। अब घरेलू मैदान पर भारतीय टीम एक और जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी।