रांची: झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा जमशेदपुर के मरीन ड्राइव इलाके में हुआ, जहां एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसा आधी रात के बाद हुआ। कार तेज रफ्तार में सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर के बाद कार के परखच्चड़ गए और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में चार लोगों की मौत

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और सभी को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने कार सवार चारों लोगों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल हैं। हादसे की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।

मंत्री इरफान अंसारी ने जताया गहरा दुख

हादसे की जानकारी सामने आने के बाद झारखंड सरकार के मंत्री इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया के जरिए शोक व्यक्त किया। उन्होंने दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि संतान को खोने का दर्द एक मां के लिए शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।

इरफान अंसारी ने अपने संदेश में कहा कि इस असहनीय दुख की घड़ी में वह दीपिका पांडेय सिंह और पूरे परिवार के साथ हैं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी जताया शोक

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने दीपिका पांडेय सिंह की बेटी और हादसे में जान गंवाने वाले अन्य लोगों के निधन को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी संतान को खोने का दुख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है। उन्होंने इस कठिन समय में दीपिका पांडेय सिंह और सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

उन्होंने दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

पुलिस जांच में जुटी

हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर कार के सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराने की बात सामने आई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, कार की रफ्तार कितनी थी और ट्रक वहां किस वजह से खड़ा था, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हादसे के बाद मरीन ड्राइव क्षेत्र में भी लोगों की भीड़ जुट गई थी।